IPL 2026, Prithvi Shaw Video: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। इसके साथ ही दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व बल्लेबाज पृथ्वी शॉ का भी IPL सूखा खत्म होने जा रहा है। 26 साल का यह बल्लेबाज एक बार फिर दिल्ली कैपिटल्स से खेलने के लिए उत्साहित है। वहीं IPL के 19वें सीजन से पहले अपनी वापसी पर पृथ्वी शॉ इमोशनल नजर आ रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो क्रिकेट फैंस के दिल को छू रहा है।
दिल्ली कैपिटल्स ने शेयर किया पृथ्वी शॉ का वीडियो
दिल्ली कैपिटल्स ने 'एक्स' पर शॉ की वापसी का जो वीडियो शेयर किया, उसके कैप्शन में लिखा, 'हमारा लड़का घर लौट आया है।' इस वीडियो में शॉ अपनी बात कहते नजर आ रहे हैं। वह वीडियो में कहते सुने जा सकते हैं, 'कोटला जैसी जगह को आप कभी नहीं भूलते। न वहां के शोर को, न ही वहां की खामोशी को भूलते हैं। न ही आप इस बात को भूलते हैं कि इस जगह ने आपको क्या बनाया। कुछ कहानियां खत्म नहीं होतीं। वे वापस आती हैं.. दिल्ली, तुम्हारा लड़का घर लौट आया है।' देखें वीडियो-
बता दें कि पृथ्वी शॉ इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के साथ सात सीजन खेले थे, हालांकि आईपीएल 2025 के ऑक्शन से पहले दिल्ली ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बाद जब आईपीएल 2025 का मेगा ऑक्शन हुआ तो उन्हें खरीदने में किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। इस कारण पृथ्वी शॉ पिछले सीजन IPL में नजर नहीं आए थे। हालांकि, एक बार फिर दिल्ली ने ही दाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज को ऑक्शन में 75 लाख रुपये में खरीदा है। पृथ्वी शॉ ने IPL में अभी तक 79 मैच खेले हैं। जिसमें उन्होंने कुल 1892 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका हाईएस्ट स्कोर 99 रन रहा है। उन्होंने IPL में कुल 14 अर्धशतक मारे हैं। उनका औसत 23.94 और स्ट्राइक रेट 147.46 का रहा है।
