क्रिकेट

Angkrish Raghuvanshi IPL 2024 Debut: कौन हैं डेब्यू मैच में आतिशी अर्धशतक जड़ने वाले 18 साल के अंगकृष रघुवंशी?

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Apr 3, 2024, 11:06 PM IST

Who is Angkrish Raghuvanshi: जानिए कौन हैं आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए डेब्यू मैच में धमाकेदार अर्धशतक जड़ने वाले अंगकृष रघुवंशी?

Image

अंगकृष रघुवंशी(साभार IPL/BCCI)

Angkrish Raghuvanshi: आईपीएल 2024 में बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 18 साल के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने डेब्यू किया। रघुवंशी को डेब्यू मुकाबले में जल्दी ही बल्लेबाजी का मौका मिल गया। रघुवंशी फिल साल्ट के आउट होने के बाद 4.3 ओवर में 60 के स्कोर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उन्होंने मैदान पर बल्ले से कहर बरपा रहे सुनील नरेन के साथ ताल मिलाते हुए कोहराम मचा दिया।

दो चौके जड़कर की पारी की शुरुआत

अंगकृष रघुवंशी ने एनरिक नॉर्खिया जैसे धाकड़ गेंदबाज के सामने शुरुआत करते हुए पहले दी गेंद पर लगातार दो चौके जड़ दिए और तीसरी गेंद पर 2 रन बटोर लिए। नरेन की धमाकेदार बल्लेबाजी के बीच नरेन को जब भी मौका मिला वो गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाते रहे। दोनों ने मिलकर 21 गेंद में दूसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय और 44 गेंद में 100 रन की साझेदारी पूरी कर ली। साझेदारी में रघुवंशी ने 48 और नरेन ने 49 रन का योगदान दिया।

25 गेंद में रघुवंशी ने जड़ा अर्धशतक

अंगकृष ने इसके बाद 25 गेंद में 4 चौके और 3 छक्के के साथ अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। 164 के स्कोर पर नरेन के आउट होने के बाद भी रघुवंशी पिच पर टिके रहे। वो 27 गेंद में 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 54 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे विकेट के लिए नरेन और रघुवंशी के बीच दूसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 104 रन की साझेदारी हुई। अंगकृष रघुवंशी आईपीएल में 200 या उससे ज्यादा के स्ट्राइकरेट से अर्धशतक जड़ने वाले सबसे युवा बल्लेबाज भी बन गए।

कोलकाता के लिए सबसे कम उम्र में अर्धशतक

अंगकृष रघुवंशी ने आईपीएल में 18 साल 303 दिन में अर्धशतक पूरा किया। वो कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए सबसे कम उम्र में अर्धशतक जड़ने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। ये रिकॉर्ड शुभमन गिल के नाम दर्ज है। शुभमन गिल ने 18 साल 237 दिन की उम्र में केकेआर के लिए पसाचा जड़ा था।

अंडर-19 विश्व कप में बनाने वाले थे सबसे सफल बल्लेबाज

अंगकृष रघुवंशी साल 2022 में अंडर-19 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। उन्हें 20 लाख रुपये की कीमत पर केकेआर ने अपनी टीम में शामिल किया था। अंगकृष घरेलू क्रिकेट में मुंबई के लिए खेलते हैं। टी20 में उन्होंने मुंबई के लिए 8 मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 23 के औसत और 115.96 के स्ट्राइक रेट से 138 रन बनाए हैं। 32 नाबाद इस मुकाबले से पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article