क्रिकेट

IPL 2023: लखनऊ को मिला जयदेव उनादकट का रिप्लेसमेंट, जाइल्स शील्ड में जड़ा था सबसे तेज तिहरा शतक

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated May 18, 2023, 07:02 PM IST

लखनऊ सुपर जायंट्स को लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बांए हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट का रिप्लेसमेंट मिल गया है। टीम में शामिल हुए खिलाड़ी के नाम जाइल्स शील्ड ट्रॉफी में सबसे तेज तिहरा शतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है।

Image

श्रेयांस शेडगे(साभार Mumbai Cricket Association)

Who is Suryansh Shedge: लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बांए हाथ के चोटिल गेंदबाज जयदेव उनादकट का रिप्लेसमेंट मिल ही गया। प्लेऑफ में एंट्री के मुहाने पर बैठी लखनऊ की टीम ने जयदेव उनादकट की जगह टीम में मुंबई की दाहिने हाथ के 20 वर्षीय सूर्यांश शेडगे को शामिल किया है। शेडगे 20 लाख रुपये के बेस प्राइज के साथ आईपीएल नीलामी में उतरे थे। उन्हें इसी कीमत पर लखनऊ ने अपने दल में जगह दी है।

जाइल्स शील्ड में जड़ा सबसे तेज तिहरा शतक

सूर्यांश कोअबतक घरेलू क्रिकेट करियर में डेब्यू का मौका नहीं मिला है। मुंबई क्रिकेट सर्किट में प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी की पहचान जाइल्स शील्ड ट्रॉफी में सबसे तेज तिहरा शतक जड़ने के बाद बनाई थी। सूर्यांश ने सात साल पहले मुंबई के शिवाजी पार्क मैदान में एसपीएसएस मुंबादेवी निकेतन (बोरीवली) के खिलाफ गुंडेजा एजुकेशन अकादमी(कांदीवली) के लिए 137 गेंद में 326 रन की धमाकेदार पारी खेली थी। ऐसे में अब उन्हें आईपीएल में खेलने और पूरे देश के सामने अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिला है।

आतिशी पारी में की चौकों छक्कों की बारिश

अपनी 327 रन की पारी के दौरान सूर्यांश ने 54 चौके और चार छक्के जड़े थे। जाइल्स शील्ड टूर्नामेंट के इतिहास का ये पहला तिहरा शतक था। मुंबई के पूर्व रणजी खिलाड़ी मनीष भंगेरा उनके पहले कोच रहे हैं। इसके बाद मुंबई की अंडर-16 के कोच किरन पवार की देखरेख में उनके खेल में और निखार आया।

विराट कोहली हैं सूर्यांश के आदर्श

विराट कोहली को सूर्यांश अपना आदर्श मानते हैं और वो भी उनकी तरह नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हैं। जब विराट कोहली ने वानखेड़े स्टेडियम में 235 रन की पारी इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी। उस मैच को सूर्यांश दर्शकदीर्घा से देख रहे थे।

(डेवलपिंग स्टोरी)

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article