क्रिकेट

BBL के ओपनिंग मैच के लिए चेन्नई को ही क्यों चुना गया, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने किया खुलासा

बीबीएल-16 की शुरुआत भारत की धरती से होगा। यह पहला मौका है जब इस टूर्नामेंट का आगाज भारत से होने जा रहा है। 12 दिसंबर को होने वाले इस मुकाबले से पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बताया कि आखिर क्यों इस वेन्यू को ही चुना गया?

Image

बीबीएल (साभार-x)

बिग बैश लीग (BBL) के 16वें सीजन का पहला मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम चेपॉक में खेला जाएगा। यह पहला मौका है जब बीबीएल का कोई मुकाबला भारत में खेला जाएगा। यह मुकाबला मेलबर्न रेनगेड्स और पर्थ स्कॉचर्स के बीच खेला जाएगा। अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से एक बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने बताया है कि आखिर इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए चेपॉक को ही क्यों चुना गया।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बयान में कहा गया है, "क्रिकेट के प्रति यहां के लोगों के जुनून और इंडियन प्रीमियर लीग की टीम सुपर किंग्स के प्रति लॉयल्टी को देखते हुए बीसीसीआई और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने चेन्नई को एक आदर्श वेन्यू के रूप में चुना है। सुपर किंग्स सोशल मीडिया पर सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी है, जिसके सभी प्लेटफॉर्म पर 48.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं।"

बिग बैश लीग के महाप्रबंधक एलिसटेयर डॉब्सन ने कहा कि इस पहल से प्रतियोगिता की लोकप्रियता ऑस्ट्रेलिया से बाहर भी बढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि भारत में बिग बैश की लोकप्रियता को अक्सर कम आंका जाता है, जबकि पिछले साल गर्मियों में टीवी पर इसके दर्शकों की संख्या एशेज टेस्ट मैचों की तुलना में 50 प्रतिशत अधिक थी।

दोनों देशों की सरकार का समर्थन

इस मुकाबले को दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों को गहरा करने के एक माध्यम के तौर पर देखा जाता है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में हुए एक साझा कार्यक्रम में इसकी घोषणा की गई। इस मौके पर बीबीएल बिग बैश लीग के महाप्रबंधक एलिसटेयर डॉब्सन ने कहा "हमारे खेल का भारत से एक अनूठा जुड़ाव है। यह खेल हमारी दोनों सरकारों की एक व्यापक पहल का हिस्सा है और यह दर्शाता है कि क्रिकेट हमारे दोनों देशों को जोड़ने वाला एक माध्यम है। ऑस्ट्रेलियाई और भारतीय दोनों सरकारें इसे समझती हैं और इसका हिस्सा बनना चाहती हैं।"
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article