IPL 2023, LSG vs SRH, Aiden Markram dismissal: इंडियन प्रीमियर लीग के 10वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने हैं। ये मैच लखनऊ में खेला जा रहा है। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम अपना पहला मैच हारकर यहां आई थी, लेकिन उसको उम्मीद थी कि उनके नए कप्तान एडेन मार्कराम जो हजारों किलोमीटर का सफर करके दक्षिण अफ्रीका से अभी-अभी पहुंचे हैं, वो टीम की कायापलट कर देंगे। टीम का तो पता नहीं, लेकिन उनकी बैटिंग के साथ जो हुआ उसे वो भुलाना चाहेंगे।
इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के नए कप्तान एडेन मार्कराम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। मयंक अग्रवाल 8 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन अनमोलप्रीत (31) और राहुल त्रिपाठी (34) ने पारी को संभालने का प्रयास किया। ये दोनों मिलकर स्कोर को 50 रन तक ले गए।
तभी आठवें ओवर में अनमोलप्रीत आउट हो गए और एडेन मार्कराम की पिच पर एंट्री हुई। वो दक्षिण अफ्रीका में कई धमाकेदार पारियां खेलकर आ रहे थे इसलिए फैंस को उम्मीद थी वो हैदराबाद की पारी को पार लगा देंगे। लेकिन क्रुणाल पांड्या ने अनमोलप्रीत का विकेट लेकर अगली ही गेंद पर एडेन मार्कराम को भी बोल्ड कर दिया। वो गेंद भांप ही नहीं सके और गिल्लियां उड़ गईं। उन्होंने पहली बॉल पर शून्य पर (गोल्डन डक) पवेलियन लौटना पड़ा। बाद में उनकी पूरी टीम लड़खड़ाती गई और हैदराबाद 20 ओवर में 8 विकेट पर 121 रन ही बना सकी।
देखिए क्रुणाल पांड्या के उन दो विकेटों का वीडियो
आपको बता दें कि भारत पहुंचने से पहले एडेन मार्कराम ने दक्षिण अफ्रीका में नीदरलैंड्स के खिलाफ वनडे मैचों में जमकर रन बरसाए थे। पहले वनडे में उन्होंने नाबाद 51 रनों की पारी खेली थी। जबकि दूसरे वनडे में उन्होंने 175 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी।
