कोलंबो, 27 अप्रैल 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका के खिलाफ ट्राई-सीरीज के पहले मैच के दौरान काले पट्टे (ब्लैक आर्मबैंड) पहनकर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। 22 अप्रैल को हुए इस नृशंस हमले में आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां चलाकर 26 लोगों की जान ले ली थी। इस हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) ने ली है।
क्रिकेट जगत ने दिखाई एकजुटता
इस हमले के बाद दुनिया भर के नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भी आईपीएल 2025 के 41वें मैच (SRH vs MI) से पहले एक मिनट का मौन रखकर पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान खिलाड़ियों और अंपायरों ने भी काले पट्टे पहने। मैच के दौरान कोई भी फायरवर्क्स या चीयरलीडर्स की मौजूदगी नहीं थी, क्योंकि पूरा क्रिकेट समुदाय देश के इस दुखद घटना के साथ खड़ा नजर आया।
ईडन गार्डन्स में भी दी गई श्रद्धांजलि
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) ने भी कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए KKR vs PBKS के मैच से पहले एक मिनट का मौन रखकर पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने काले पट्टे पहने और मैच से पहले ईडन बेल बजाने की परंपरा को भी इस बार निभाया नहीं गया।
कप्तानों ने की आतंकवाद की निंदा
SRH के कप्तान पैट कमिंस और MI के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस के दौरान इस आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। पांड्या ने कहा, "हम पीड़ित परिवारों के साथ हैं। यह एक दुखद घटना है और हम आतंकवाद के खिलाफ एकजुट हैं।"
देशभर में मचा आक्रोश
पहलगाम हमले के बाद देशभर में आक्रोश फैला हुआ है। सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी सेना प्रमुख के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। साथ ही, सुरक्षा बलों ने आतंकियों के बैसारन वैली में घुसने के तरीके की जांच शुरू कर दी है।
