क्रिकेट

IND vs NZ 5th T20: भारत न्यूजीलैंड के बीच पांचवां टी20 आज, प्लेइंग-11 में बड़े बदलाव के साथ उतरेगी टीम इंडिया

भारत और न्यूजीलैंड की बीच पांच मैच की टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला आज हैमिल्टन में खेला जाएगा। मैच में टीम इंडिया प्लेइंग-11 में बड़े बदलाव के साथ उतरेगी।

Image

भारत बनाम न्यूजीलैंड, पांचवां टी20 मैच प्रीव्यू

हैमिल्टन: अपने स्थापित खिलाड़ियों का हमेशा समर्थन करने वाला भारतीय टीम प्रबंधन आकलैंड में पिछले मैच में मिली हार के बाद न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को पांचवें और आखिरी टी20 मैच में अंतिम एकादश में बदलाव कर सकता है। भारत ने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है लेकिन विश्व चैम्पियन टीम पांच मैचों की श्रृंखला से आखिरी मैच हारकर विदा नहीं लेना चाहेगी। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी की वापसी संभव है और उस दशा में संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ सकता है। सैमसन ने इस श्रृंखला में 67,14,18,4 रन बनाये हैं। टीम प्रबंधन का उन्हें पूरा समर्थन हासिल है लेकिन एक ब्रेक से वह खोई लय हासिल कर सकते हैं।

अय्यर न्यूजीलैंड दौरे पर रहे हैं नाकाम

हाल ही में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम ने वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन खुद श्रेयस का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा और वे लोगों का ध्यान खींचने में नाकाम रहे। अय्यर ने टी20 में पहला शतक जमाने के बाद अगले आठ मैचों में 40, 1, 16, 22, 42, 7, 5, 22 रन बनाये। यहां अच्छी पारी खेलकर वह भी लय हासिल करना चाहेंगे। अय्यर के नाकाम रहने से निचले क्रम में नमन धीर और नीतिश कुमार रेड्डी ने पिछले कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया।

भारतीय गेंदबाजी की कमजोरियां हुईं उजागर

गेंदबाजी में दूसरे और तीसरे टी20 में न्यूजीलैंड को 200 रन से कम पर रोकने के बावजूद भारतीय आक्रमण की कमजोरियां उजागर हुई हैं। भारत अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल पर विकेटों के लिये काफी निर्भर रहा है । चार साल बाद वापसी करने वाले भुवनेश्वर कुमार अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।

भुवनेश्वर कुमार नहीं छोड़ पाए वापसी में छाप

भुवनेश्वर ने तीन मैचों में एक ही विकेट लिया और उनका इकॉनॉमी रेट 12 के आसपास रहा है । अर्शदीप अकेले भारतीय गेंदबाज हैं जिनका इकॉनॉमी रेट इस श्रृंखला में दस से कम रहा है। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में धार देने के लिये कुलदीप यादव या वरूण चक्रवर्ती को टीम में लाना होगा जिसके लिये धीर को बाहर रहना पड़ सकता है। तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा को भी बैकअप गेंदबाजों के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है लेकिन उनके महंगे साबित होने का खतरा है। न्यूजीलैंड टीम पांच मैचों की वनडे श्रृंखला से पहले आखिरी मैच जीतकर आत्मविश्वास हासिल करना चाहेगी । अगले साल अफ्रीका में होने वाले आईसीसी विश्व कप से पहले यह वनडे श्रृंखला काफी महत्वपूर्ण है।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं:

भारत:

श्रेयस अय्यर (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, नमन धीर, तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, प्रिंस यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, मयंक यादव, कुमार कुशाग्र, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव।

न्यूजीलैंड:

फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), बेवन जैकब्स, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, डेवोन कॉनवे, मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रैसवेल, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर, मैट फिशर, काइल जैमीसन, जैकब डफी, एडम मिल्ने, जोश क्लार्कसन।

मैच शुरू होने का समय: भारतीय समयानुसार दोपहर 12:30 बजे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article