क्रिकेट

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए चुन लिए गए हैं संभावित 20 खिलाड़ी

ODI Squad 2027: टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर पहले ही कह चुके हैं कि आईपीएल के बाद वह वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी में भिड़ जाएंगे। अब वनडे स्क्वॉड को लेकर एक खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट की मानें तो वनडे वर्ल्ड कप के लिए टीम तैयार की जा चुकी है।

Image

भारत का वनडे वर्ल्ड कप स्क्वॉड (साभार-x)

ODI Squad 2027: वनडे विश्व कप में अभी एक साल का समय है लेकिन रिपोर्ट की मानें तो भारत के 20 संभावित खिलाड़ियों की लिस्ट तैयार हो चुकी है। पांचों राष्ट्रीय चयनकर्ता 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल में इन खिलाड़ियों पर नजर रखेंगे। बीसीसीआई के एक सूत्र ने शुक्रवार को पीटीआई को यह जानकारी दी।

अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति में एस एस दास, आर पी सिंह, अजय रात्रा और प्रज्ञान ओझा हैं। विश्व कप दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में 2027 अक्टूबर नवंबर में होगा। चयन समिति के सदस्य अपने अपने बेस में मैचों के दौरान मौजूद रहेंगे जबकि बाकी मैच टीवी पर देखेंगे। आईपीएल के पहले मैच में गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। सीनियर अधिकारियों ने इन अटकलों को भी खारिज किया कि टी20 विश्व कप जीतने के बाद अगरकर ने अपना कार्यकाल 50 ओवरों के विश्व कप तक बढाने की मांग की है।

बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने कहा ,’’ चयन समिति बीसीसीआई की एक उप समिति है और चयनकर्ताओं का अनुबंध इस साल सितंबर तक है। अजित का करार सितंबर में खत्म हो रहा है जिसके बाद बीसीसीआई सचिव और अजित तय करेंगे कि वह अगले साल वनडे विश्व कप तक रहेंगे या नहीं। एक सीनियर चयनकर्ता चार साल तक पद पर रह सकता है और उसे करार बढाने का अनुरोध करने की जरूरत नहीं है।’’

अगरकर जुलाई 2023 में चयन समिति के अध्यक्ष बने थे और उन्होंने विराट कोहली तथा रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के संन्यास के बाद टेस्ट और टी20 में बदलाव का दौर देखा है। अगरकर मुंबई में रहते हैं जबकि दास कोलकाता के रहने वाले हैं। आर पी और रात्रा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रहते हैं जबकि ओझा अपने हिस्से के आईपीएल मैच बेंगलुरू और हैदराबाद में देखेंगे।

अधिकारी ने कहा ,’’ बीसीसीआई चाहता है कि हर चयनकर्ता कम से कम हर सप्ताह एक मैच देखे जिससे पांच मैच प्रति सप्ताह हो जायेंगे। इसके अलावा टीवी पर मैच देख सकते हैं।’’ टी20 विश्व कप 2028 और उसी साल ओलंपिक को देखते हुए इस साल आईपीएल में उन 20 खिलाड़ियों को तलाशने पर नजर होगी जो 50 ओवरों का विश्व कप खेलेंगे। चयन समिति मुल्लांपुर में छह से 10 जून तक अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिये भी सर्वश्रेष्ठ टीम उतारेगी हालांकि इस मैच से विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के अंक नहीं मिलने हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article