वेस्टइंडीज के खिलाफ डोमिनिका में खेले जा रहे पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। भारत की तरफ से युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और ईशान किशन ने अपना टेस्ट डेब्यू कर लिया है। यशस्वी को कप्तान रोहित शर्मा ने डेब्यू कैप सौंपी। मैच से एक दिन पहले ही टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने इस बात की घोषणा कर दी थी कि यशस्वी जायसवाल अपना टेस्ट डेब्यू करने जा रहे हैं। लेकिन विकेटकीपर के तौर पर ईशान को भी टेस्ट खेलने का मौका मिला है।
रोहित के साथ ओपनिंग
यशस्वी जायसवाल के टेस्ट डेब्यू ने अब तक रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग कर रहे शुभमन गिल को नंबर 3 पर धकेल दिया है। अब वह चेतेश्वर पुजारा के स्थान पर नंबर 3 पर बल्लेबाजी करेंगे और कोहली नंबर 4 पर आएंगे। रोहित ने कहा था कि गिल से कोच राहुल द्रविड़ की बात हुई है। वह ज्यादातर क्रिकेट इस नंबर पर ही खेले हैं।
IPL और घरेलू क्रिकेट में अच्छा करने का ईनाम
यशस्वी जायसवाल को आईपीएल 2023 में शानदार प्रदर्शन करने का ईनाम मिला है। वह अपनी टीम राजस्थान की तरफ से सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे। जायसवाल ने 14 मैच में 48.08 की औसत और 163.61 की बेहतरीन स्ट्राइक रेट से 625 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप की सूची में 5वें नंबर पर रहे थे। इसके अलावा जायसवाल ने घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया है। वह रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी, विजय हजारे, ईरानी ट्रॉफी और इंडिया ए के लिए शतक जड़ चुके हैं।
