क्रिकेट

IND W vs PAK W: दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के इतिहास का हिस्सा बनने को तैयार भारत-पाकिस्तान का मुकाबला, जानिए क्या है पूरा मामला

IND vs PAK Womens T20 World Cup 2024: महिला टी20 वर्ल्ड कप में रविवार को सबसे रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा। टूर्नामेंट के 7वें मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। यह मुकाबला दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले के साथ स्टेडियम आज इतिहास रचने को तैयार है।

Image

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी। (फोटो- BCCI Women X)

Photo : Twitter

IND vs PAK Womens T20 World Cup 2024: भारत और पाकिस्तान क्रिकेट टीम महिला टी20 विश्व में एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ हारने के बाद भारत के लिए यह मुकाबला काफी अहम होने जा रहा है। यह मैच रविवार को दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। भारत-पाकिस्तान का यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के इतिहास का हिस्सा बनने जा रहा है। यह वहां खेला जाने वाला 100वां टी20 मैच होगा। इस स्टेडियम में पुरुष क्रिकेट टीमों के 92 मैच हो चुके हैं।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर अब तक 7 महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं, जिसमें पहले बैटिंग करने वाली टीम को 3 बार सफलता मिली है और दूसरी बार बैटिंग करने वाली टीम 4 बार मैच जीती है। यहां एक भी मैच टाई नहीं हुआ है।

यहां की पिच पर सर्वोच्च स्कोर की बात करें तो न्यूजीलैंड ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 4 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए थे। यह मैच इसी टी20 विश्व कप में हुआ था और भारत को हार मिली थी। टीम इंडिया इस मैच में केवल 102 रनों पर सिमट गई थी। इस मैदान पर लक्ष्य का सबसे सफल पीछा दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम ने किया है जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ बगैर विकेट खोए 119 रन बनाए थे।

यहां न्यूनतम महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय स्कोर यूएई ने नामीबिया के खिलाफ 2023 में बनाया था। इस मैदान पर सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर की बात करें तो नामीबिया महिला क्रिकेट टीम की यासमीन खान ने साल 2023 में यूएई के खिलाफ नाबाद 62 रन बनाए थे। वहीं सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के मामले में न्यूजीलैंड की रोजमेरी माइर ने भारत के खिलाफ 19 रन देकर 4 विकेट लिए थे। यह मौजूदा विश्व कप में भारत और न्यूजीलैंड का पिछला मैच ही था।

खिलाड़िया द्वारा बनाए जाने वाले संभावित रिकॉर्ड की बात करें तो कप्तान हरमनप्रीत कौर अगर इस मैच में 59 रन बना लेती हैं तो वह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाली टॉप-3 बल्लेबाजों की लिस्ट में आ जाएंगी। वह ऐसा करने वाली दूसरी भारतीय भी बन जाएंगी। पहले नंबर पर स्मृति मंधाना हैं, जिनके नाम 3505 रन हैं। इसके अलावा, शफाली वर्मा को 2000 रन के क्लब में शामिल होने के लिए सिर्फ 50 रन और चाहिए।

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article