शहर

कुरुक्षेत्र में भारी बारिश से ट्रांसफार्मर में उतरा करंट, चपेट आकर दो सगे भाइयों की मौत; IMD ने किया सावधान

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भारी बारिश के कारण ट्रांसफार्मर में उतरे करंट की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

कुरुक्षेत्र : जिले में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। भारी बारिश के दौरान ट्रांसफॉर्मर से जुड़े बिजली के तार की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने की कोशिश में उनका भतीजा गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना शाहबाद क्षेत्र के धंतोरी गांव में हुई। शाहबाद थाना प्रभारी जगदीश तमक ने बताया कि 50 वर्षीय बिंदर राम अपने घर की बालकनी से लोहे की चारपाई हटाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क ट्रांसफॉर्मर से जुड़े एक जीवित (लाइव) बिजली के तार से हो गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट लगा।

बिंदर राम को बचाने के लिए उनके भाई मौके पर पहुंचे, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। इसके बाद दोनों को बचाने की कोशिश कर रहा उनका भतीजा भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल भतीजे का इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि भारी बारिश के कारण ट्रांसफॉर्मर से जुड़े बिजली के तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से यह हादसा हुआ।

हरियाणा में बारिश का अलर्ट

हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश हुई और कई स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। चंडीगढ़ में भी दिन के समय हल्की मानसूनी बारिश हुई और अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा में अंबाला, हिसार, सिरसा, करनाल और सोनीपत समेत कई जगहों पर बारिश हुई, जबकि पंजाब के बठिंडा और अबोहर में भी बादल बरसे।

अंबाला में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम है। करनाल में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से चार डिग्री कम है, जबकि नारनौल में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब में अमृतसर में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा। पटियाला में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री से ज्यादा कम है, जबकि लुधियाना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article