Shubman Gill Wimbledon Royal Box: भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां और आखिरी टी20 मैच शनिवार को साउथेम्प्टन में खेला जाएगा। इसके बाद गिल की कप्तानी में टीम इंडिया तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेगी। वनडे सीरीज की तैयारियों के बीच गिल को टेनिस के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट विम्बलडन के रॉयल बॉक्स से मुकाबले देखने का विशेष निमंत्रण मिला है। इस सम्मान के साथ गिल उन चुनिंदा भारतीय कप्तानों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं जिन्हें यह गौरव हासिल हुआ है।
तीन भारतीय कप्तानों को मिल चुका है मौका
गिल से पहले सिर्फ तीन भारतीय कप्तानों को रॉयल बॉक्स में बैठकर विम्बलडन देखने का मौका मिला है। सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और रोहित शर्मा ही अब तक इस खास सूची का हिस्सा थे। अब 26 साल के शुभमन गिल चौथे भारतीय कप्तान बन गए हैं जिन्हें ऑल इंग्लैंड क्लब ने रॉयल बॉक्स का न्योता भेजा है। विम्बलडन का रॉयल बॉक्स दुनियाभर की जानी-मानी हस्तियों के लिए रिजर्व रहता है। यहां ब्रिटिश शाही परिवार के सदस्य, पूर्व चैंपियन, खेल जगत के दिग्गज और अन्य वीआईपी मेहमान ही बैठते हैं। सेंटर कोर्ट पर खेले जाने वाले बड़े मुकाबलों को सबसे करीब से देखने का यह सबसे खास स्थान माना जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- एक और क्लीन स्वीप से बचना चाहेगी भारतीय टीम, हर विभाग में करना होगा अच्छा प्रदर्शन
फॉर्मूला वन रेस देखने भी पहुंचे थे गिल
इससे पहले गिल ने ब्रिटेन के सिल्वरस्टोन सर्किट में आयोजित ब्रिटिश ग्रां प्री का भी लुत्फ उठाया। पहली बार फॉर्मूला-वन रेस को वीआईपी अतिथि के तौर पर देखने पहुंचे गिल ने पैडॉक का दौरा किया। उन्होंने एफ-1 से जुड़े कई बड़े नामों से मुलाकात की और मोटरस्पोर्ट के इस रोमांचक माहौल का पूरा आनंद लिया। मैदान के अंदर और बाहर गिल की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। टी20 विश्व कप जीत के बाद उन्हें वनडे और टेस्ट की कप्तानी सौंपी गई थी। युवा कप्तान के तौर पर गिल लगातार नए मुकाम हासिल कर रहे हैं। विम्बलडन के रॉयल बॉक्स में उनका पहुंचना भारतीय क्रिकेट के बढ़ते कद को भी दर्शाता है।
