Schools closed: भारत में मानसून की दस्तक के साथ ही मूसलाधार बारिश ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण देश के कई हिस्सों में सड़कें तालाब बन चुकी हैं और आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई राज्य सरकारों और स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने का आदेश जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई राज्यों/शहरों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं कहां-कहां बंद रहेंगे स्कूल
महानगरों और स्मार्ट शहरों जनजीवन अस्त-व्यस्त
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर से लेकर दक्षिण भारत के केरल और कर्नाटक तक बारिश का भारी असर देखा जा रहा है। देश के प्रमुख औद्योगिक और टेक हब जैसे मुंबई, पुणे और गुरुग्राम में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। मानसून की शुरुआती बारिश में ही इन शहरों की सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिसके कारण लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है। भारी बारिश और जलभराव के कारण हादसों की आशंका को टालने के लिए प्रशासन ने बच्चों को घरों में रहने की सलाह दी है। स्थिति और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई शिक्षण संस्थानों ने पढ़ाई का नुकसान रोकने के लिए एक बार फिर ऑनलाइन क्लासेस और वर्चुअल टीचिंग का रास्ता अपनाने की सलाह दी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - MPESB Answer Key 2026: मध्य प्रदेश हॉस्पिटल असिस्टेंट परीक्षा की आंसर की जारी, इस डेट तक आपत्ति कर सकेंगे दर्ज
इन राज्यों और जिलों में घोषित हुई छुट्टी
केरल (वायनाड): मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी होने के बाद, यहां के जिला कलेक्टर ने सभी स्कूलों, कॉलेजों, आंगनबाड़ियों और ट्यूशन सेंटर्स को तुरंत बंद करने का आदेश दिया।
उत्तराखंड: पहाड़ों पर भूस्खलन और मैदानी इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और उधम सिंह नगर जैसे जिलों में स्कूल बंद रखे गए हैं।
उत्तर प्रदेश: गाजियाबाद में भारी बारिश को देखते हुए आज छुट्टी थी, लेकिन कल 11 जुलाई को छुट्टी को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की गई है। हालांकि यूपी के बदायूं और संभल जिले में शनिवार को भारी बारिश के चलते 1 से 8वीं क्लास तक अवकाश रहेगा।
दिल्ली: दिल्ली में भारी बारिश के बीच अभी तक अवकाश को लेकर कोई ऐलान नहीं किया गया है। इसका अर्थ है कि यहां स्कूल नियमित तौर पर चलेंगे।
कर्नाटक: तेज हवाओं और लगातार हो रही बारिश की वजह से शिवमोगा जिले के सागर और होसानगर तालुका में स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। स्थिति में सुधार न होने पर आने वाले दिनों में भी स्कूलों को बंद रखने की घोषणा की जा सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी
आईएमडी (IMD) के ताजा अनुमान के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक भारी बारिश से राहत मिलने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग की मानें तो हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी बरकरार है। इसके अलावा, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र और दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में भी मूसलाधार बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज हवाएं और आंधी की संभावना भी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - कहां है भारत का सबसे घना जंगल? जहां पाए जाते हैं लेपर्ड, स्नो लेपर्ड, क्लाउड लेपर्ड और रॉयल बंगाल टाइगर
बचाव और सुरक्षा के लिए जरूरी गाइडलाइन
प्रशासन ने आम जनता, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। लोगों को जबतक बहुत जरूरी न हो तब तक भारी बारिश में न जाने की सलाह दी गई है। बिजली कड़कने या तेज आंधी की दौरान पेड़ों, खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लिए भी गाइडलाइन जारी की है। इन इलाकों में जलभराव हो सकता है लोगों को पानी से भरे रास्तों पर न जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि यह खतरनाक साबित हो सकता है।
