क्रिकेट

Border Gavaskar Trophy: ऑस्ट्रेलिया ने शुरू की तैयारी, यह धाकड़ खिलाड़ी मिडिल ऑर्डर में खेलने के लिए तैयार

IND vs AUS, Border Gavaskar Trophy 2024: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस साल के अंत में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का आगाज होगा। इस सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया टीम ने तैयारी शुरू कर दी है। टीम का धाकड़ बल्लेबाज मिडिल ऑर्डर में खेलने को पूरी तरह से तैयार है।

Image

ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। (फोटो- ICC X)

Photo : Twitter

IND vs AUS, Border Gavaskar Trophy 2024: डेविड वॉर्नर के संन्यास के बाद स्टीव स्मिथ ने टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के लिए सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाई है। हालांकि, वो इसमें सफल नहीं हो पाए हैं और अब स्मिथ ने संकेत दिया है कि अगर टीम चयनकर्ता उन्हें ओपनिंग से हटाने का फैसला करते हैं, तो वो आगामी सीरीज के लिए मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करने को तैयार हैं। स्मिथ ने अब तक चार टेस्ट मैचों की छह पारियों में ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी की शुरुआत करते हुए महज 28.50 की औसत से 171 रन बनाए हैं। हालांकि इसमें उनकी नाबाद 91 रनों की पारी भी शामिल है, जो उन्होंने गाबा में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट में खेली थी। खुद स्मिथ भी मानते हैं कि वह इस स्थान के साथ अब तक न्याय नहीं कर पाए हैं।

स्मिथ ने फॉक्स क्रिकेट से कहा, "मैं कहीं भी बल्लेबाजी करने में सहज हूं। मुझे बस महत्वपूर्ण सीरीज में अच्छा प्रदर्शन करना और टीम की मदद करना है। उम्मीद है कि आगामी सीरीज में भी ऐसा ही होगा।" स्मिथ ने बताया, "नई गेंद के साथ मुझे चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। मैं निश्चित तौर पर अधिक रन स्कोर कर सकता था। यह खेल का हिस्सा है लेकिन गाबा में मैंने दूसरी पारी में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन दुर्भाग्यवश हम जीत हासिल नहीं कर पाए।"

स्मिथ ने माना कि पारी के बीच दस मिनट का टर्नअराउंड ही ओपनिंग बैटिंग का एकमात्र हिस्सा था, जिसके साथ तालमेल बिठाने में उन्हें थोड़ा समय लगा। स्मिथ ने बताया, "जब आपके पास सिर्फ़ दस मिनट होते हैं, तो यह थोड़ा जल्दी टर्नअराउंड होता है, आपको मैदान से बाहर भागना होता है और आपको जल्दी से वापस आना होता है।" ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने सुझाव दिया है कि नवंबर में भारत के खिलाफ शुरू होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी सीरीज से पहले टीम के शीर्ष छह में कोई बदलाव नहीं किया जा सकता है।

स्मिथ भारत के ख़िलाफ़ आगामी घरेलू टेस्ट श्रृंखला से पहले इंग्लैंड के आगामी वनडे दौरे के लिए चयनित ऑस्ट्रेलियाई दल का भी हिस्सा हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप तालिका में भारत इस समय पहले स्थान पर काबिज है जबकि ऑस्ट्रेलिया भारत के ठीक बाद दूसरे स्थान पर मौजूद है। ऑस्ट्रेलिया के एक अन्य सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने स्मिथ के मध्यक्रम में बेहतरीन रिकॉर्ड का हवाला देते हुए उन्हें नंबर 4 पर बल्लेबाजी करने के लिए प्राथमिकता दी है। स्मिथ ने नंबर 4 पर 111 टेस्ट पारियों में 61.50 की औसत से रन बनाए हैं, जिसमें 19 शतक शामिल हैं। ख्वाजा का मानना है कि नंबर 4 पर स्मिथ की मौजूदगी फायदेमंद होगी। उन्होंने कहा, ''जब आप उन्हें ओपनिंग के लिए भेजते हैं, तो मुझे लगता है कि आप उन्हें जल्दी आउट होने का मौका दे रहे हैं।"

हालांकि मेजर क्रिकेट लीग के हालिया संस्करण में स्मिथ ने काफ़ी प्रभावित किया था। वह इस संस्करण के विजेता वॉशिंगटन फ़्रीडम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज़ थे। स्मिथ ने 56 की औसत और 148.67 के स्ट्राइक रेट से 336 रन बनाए थे। स्मिथ अपने इस प्रदर्शन से संतुष्ट दिखे और उन्हें यह उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही आईपीएल में खेलने का मौक़ा मिलेगा। स्मिथ ने कहा, "मुझे दोबारा आईपीएल का हिस्सा बनना अच्छा लगेगा। मैं अपनी दावेदारी पेश ज़रूर करूंगा इसलिए मुझे लगातार स्कोर करता रहना होगा। फिर देखते हैं, आगे क्या होता है।"

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article