भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 9 फरवरी से शुरू हो रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले ऑस्ट्रेलिया टीम को एक बड़ा झटका लगा है। दरअसल तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए सिडनी टेस्ट में चोट लग गई थी।
ऑस्ट्रेलिया के लिए यह बड़ा झटका इसलिए भी है क्योंकि मिचेल स्टार्क पहले ही नागपुर टेस्ट से बाहर हो चुके हैं ऐसे में हेजलवुड के जाने से ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी कमजोर हुई है। इसके अलाव केमरॉन ग्रीन के भी पहले टेस्ट में गेंदबाजी करने पर सस्पेंस है।
स्कॉट बोलैंड करेंगे रिप्लेस
हेजलवुड के नागपुर टेस्ट से बाहर होने के बाद तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड उनका स्थान लेंगे। जिसका मतलब है कि नागपुर टेस्ट में कप्तान पैट कमिंस के साथ दूसरे तेज गेंदबाज के तौर पर बोलैंड का खेलना तय है। तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर ऑस्ट्रेलिया के पास युवा गेंदबाज अकैप्ड लांस मॉरिस का विकल्प है। लेकिन उनका खेलना मुश्किल लग रहा है।जोश हेजलवुड ने बोलैंड की तारीफ करते हुए कहा 'स्कॉटी ने एमसीजी में काफी गेंदबाजी की है, जब यह सपाट विकेट था, यह शायद स्विंग या रिवर्स स्विंग नहीं कर रहा था, इसलिए वह जानता है कि लंबे समय तक कड़ी मेहनत कैसे करनी है।' हेजलवुड ने आगे कहा 'आपके पास लांस मॉरिस का भी विकल्प है, जिन्होंने रिवर्स स्विंग गेंदबाजी पर पिछले महीने काफी मेहनत की है। बोलैंड और मॉरिस पहली बार सबकांटिनेंट में खेलने के लिए उत्साहित हैं।
ऑस्ट्रेलिया इस दौरे पर चार स्पिन गेंदबाजों के साथ आया है, ऐसे में यदि स्पिन गेंदबाजी नहीं चली तो इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें बढ़ सकती है। दूसरी तरफ टीम इंडिया की गेंदबाजी सशक्त नजर आ रही है। जहां टीम इंडिया के पास रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा जैसा स्पिन विकल्प है तो वहीं मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी जैसे तेज गेंदबाज भी है, जिन्हें खेलना ऑस्ट्रेलिया के लिए बड़ी चुनौती होगी।
