क्रिकेट

IND vs AUS: पर्थ वनडे में क्यों फेल हुए रोहित-विराट? बैटिंग कोच ने बताई अनोखी वजह

Rohit Kohli Failure: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे और इसके पीछे अलग-अलग कारण बताए जा रहे थे हालांकि बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने उनका समर्थन किया है और एक अनोखी वजह बताई है।

Image

रोहित शर्मा विराट कोहली (फोटो-AP)

Rohit Kohli Failure: पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में अनुभवी बल्लेबाजों विराट कोहली और रोहित शर्मा का बहुप्रतीक्षित प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। रोहित शर्मा केवल 8 रन बनाकर जोश हेजलवुड का शिकार हुए, जबकि मिचेल स्टार्क ने कोहली को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इस खराब प्रदर्शन के बाद दोनों दिग्गजों पर प्रदर्शन का भारी दबाव है, क्योंकि उनके करियर दांव पर हैं। उन्हें आगामी श्रृंखलाओं के लिए चयन की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए इस वनडे श्रृंखला में फॉर्म दिखाना होगा।

‘मौसम’ को ठहराया ख़राब प्रदर्शन का ज़िम्मेदार

पर्थ में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद दोनों दिग्गजों की कड़ी आलोचना हुई, लेकिन भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने उनका बचाव किया। कोटक का कहना है कि दिग्गजों को एक खराब दिन के आधार पर नहीं आंकना चाहिए और न ही वे जंग खाए हुए (Rusty) हैं। कोटक ने भारत के ख़राब प्रदर्शन का ठीकरा मौसम पर फोड़ते हुए कहा कि बार-बार बारिश के कारण मैच में व्यवधान आना कठिन परिस्थितियों का कारण बना।

एडिलेड ओवल में दूसरे वनडे से पहले जब कोटक से पूछा गया कि क्या रोहित और कोहली अपनी फॉर्म खो चुके हैं, तो उन्होंने कहा, “मुझे ऐसा नहीं लगता। उन्होंने आईपीएल खेला है। उनकी तैयारी बहुत अच्छी रही है। मुझे लगता है कि यह मौसम की वजह से हुआ। अगर ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजी के लिए आता तो भी स्थिति ऐसी ही होती। जब चार या पांच बार रुकावट आती है और हर दो ओवर में आप अंदर जाकर वापस बाहर आते हैं, तो यह आसान नहीं होता है।”

‘उन्हें आंकना जल्दबाजी होगी’ - सितांशु कोटक

कोटक से यह भी पूछा गया कि क्या वह उनकी बल्लेबाजी में कोई बदलाव सुझाएंगे, लेकिन कोच ने धैर्य रखने और सीनियर खिलाड़ियों की प्रक्रिया में अनावश्यक हस्तक्षेप न करने की सलाह दी। कोटक ने विश्वास जताया कि कोहली और रोहित एडिलेड में शानदार वापसी करेंगे।

कोटक ने कहा, "दोनों ही बहुत अनुभवी हैं। ऑस्ट्रेलिया आने से पहले, उन्होंने ठीक से तैयारी की थी। मुझे लगता है कि उन्हें इतनी जल्दी आंकना जल्दबाजी होगी। उन्होंने अभी-अभी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया है। इस श्रृंखला में आने से पहले, हम उनके फिटनेस स्तर और उनकी तैयारी के काम से वाकिफ थे। हमारे पास एनसीए से उनके वीडियो थे। इतने वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ, यदि आप देखते हैं कि वे सही काम कर रहे हैं, तो तुरंत हस्तक्षेप करने की आवश्यकता नहीं है। अगर आप बहुत ज्यादा शामिल होने की कोशिश करते हैं, तो यह सबसे अच्छा तरीका नहीं हो सकता है।"

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुन... और देखें

End of Article