IND (India) vs AUS (Australia) 4th T20 Pitch Report and Raipur Weather Forecast Today Match: पांच टी20 मैचों की अंतरराष्ट्रीय द्विपक्षीय सीरीज में आज भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा टी20 मुकाबला खेला जाएगा। इससे पहले भारत ने पहला और दूसरा टी20 मुकाबला जीतकर सीरीज में डबल बढ़त बनाई थी लेकिन तीसरे टी20 में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सीरीज में एक बार फिर रोमांच पैदा कर दिया है। आज मेहमान ऑस्ट्रेलियाई टीम अपने कई सीनियर खिलाड़ियों के बिना मैदान पर उतरेगी लेकिन उसका लक्ष्य सीरीज में बराबरी करने पर होगा। आज का टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला रायपुर में खेला जाना है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इससे पहले गुवाहाटी में खेले गए सीरीज के तीसरे टी20 मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए युवा ओपनर रुतुराज गायकवाड़ के धुआंधार शतक (नाबाद 123 रन) के दम पर 3 विकेट के नुकसान पर 222 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जब ऑस्ट्रेलियाई टीम जवाब देने उतरी तो एक समय पर उसने 68 रन पर 3 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन फिर शुरू हुआ ग्लेन मैक्सवेल का धमाल। जिन्होंने कप्तान मैथ्यू वेड के साथ मिलकर टीम को अंतिम ओवर तक पहुंचाया और फिर अंतिम ओवर में 22 रन की जरूरत होने के बावजूद अपना धमाकेदार रूप दिखाते हुए मैक्सवेल और वेड ने टीम को शानदार जीत दिला दी। अब सीरीज में वे 1-2 से पीछे हैं। हालांकि ग्लेन मैक्सवेल स्वदेश लौट चुके हैं और अब वो सीरीज के अंतिम दो मैचों का हिस्सा नहीं होंगे। अब आपको बताते हैं आज होने वाले चौथे टी20 मुकाबले की पिच रिपोर्ट और कैसा होगा रायपुर के मौसम का हाल।
भारत-ऑस्ट्रेलिया चौथे टी20 मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (IND vs AUS 4th T20 Pitch Report)
मेहमान ऑस्ट्रेलियाई टीम और मेजबान टीम इंडिया के बीच आज खेले जाने वाले चौथे टी20 मुकाबले का आयोजन रायपुर के शहीद वीर नारायन सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर होने जा रहा है। इस क्रिकेट ग्राउंड पर आज तक सिर्फ एक अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला गया है। वो मुकाबला वनडे मैच था जो 21 जनवरी 2023 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ था। उस मैच में भारत ने कीवी टीम को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी थी। इस मैदान की बाउंड्री काफी लंबी मानी जाती रही हैं, ऐसे में बड़े शॉट्स लगाना उतना आसान नहीं होगा अगर बाउंड्री में फेरबदल नहीं हुआ। यहां खेले गए पिछले मुकाबले के आधार पर देखें तो उस मैच में पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 34.3 ओवर में 108 रन पर ही सिमट गई थी। भारत के लिए 7 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए थे, ऐसे में तेज गेंदबाजों पर आज के मैच में नजरें जरूर रहेंगी। उस मैच में भारत ने जवाब में 2 विकेट के नुकसान पर 20.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया था।
आज कैसा रहेगा रायपुर का मौसम? (Raipur Weather Today)
चौथा टी20 मैच रायपुर में खेला जाएगा ऐसे में वहां के मौसम की बात भी कर लेते हैं। आज रायपुर में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी लेकिन बारिश का अनुमान सिर्फ 10 प्रतिशत का है। ऐसे में क्रिकेट फैंस को एक अच्छा टी20 मुकाबला देखने को मिल सकता है। यहां उमस काफी होगी। रायपुर में आज के तापमान की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने की उम्मीद है। भारत-ऑस्ट्रेलिया चौथा टी20 मैच शाम 7 बजे से खेला जाएगा।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की टी20 टीमें
भारतीय क्रिकेट टीम: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़, इशान किशन, यशस्वी जयसवाल, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, आवेश खान, मुकेश कुमार, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम: मैथ्यू वेड (कप्तान), आरोन हार्डी, जेसन बेहरेनडोर्फ, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, तनवीर संघा, मैट शॉर्ट, स्टीव स्मिथ, मार्कस स्टोइनिस, केन रिचर्डसन, एडम जंपा, सीन एबट, टिम डेविड और नाथन एलिस।
