मेरठ : पल्लवपुरम फेस-2 में मंगलवार शाम सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से क्लोरीन गैस के रिसाव के बाद अफरा-तफरी मच गई। आकांक्षा एंबिएंस कॉलोनी के पास अचानक गैस फैलने से आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन और तबीयत बिगड़ने के बाद करीब 10 से 12 लोगों की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना शाम करीब सवा सात बजे की बताई जा रही है। गैस की तेज गंध घरों तक पहुंचते ही लोगों में डर फैल गया। कुछ परिवार बच्चों और बुजुर्गों को लेकर सुरक्षित जगह की ओर निकल गए, जबकि कई लोगों ने एहतियात के तौर पर अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद कर लीं। गैस के असर से कुछ लोगों को चक्कर और उल्टी की शिकायत भी हुई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- 18 करोड़ मुसलमान निशाने पर...UCC लागू करना संविधान-धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ; ओवैसी ने केंद्र पर साधा निशाना
सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से घरों के अंदर रहने और जरूरत पड़ने पर मास्क या कपड़े से मुंह ढकने की अपील की। लोगों को रिसाव वाले स्थान के आसपास जाने से भी रोकने की कोशिश की गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का काम शुरू किया।
गैस रिसाव के बाद बीमार पड़े लोगों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया
रिपोर्ट के अनुसार, गैस रिसाव के बाद बीमार पड़े लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया। इनमें कुछ बच्चों और आसपास रहने वाले लोगों के अलावा पार्षद विक्रांत ढाका भी शामिल हैं, जिन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया। अस्पताल पहुंचे लोगों ने गैस के संपर्क में आने के बाद सांस संबंधी परेशानी और अन्य दिक्कतें होने की बात कही।
प्रारंभिक जानकारी में STP में क्लोरीन गैस के वॉल्व में लीकेज को रिसाव की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। घटना के बाद आसपास के इलाके में लोगों के बीच काफी देर तक दहशत का माहौल रहा। प्रशासन और बचाव दल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित इलाके में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
