क्रिकेट

ICC ने बॉब सिम्पसन के निधन पर व्यक्त किया शोक, उनके योगदान को ऐसे किया याद

आईसीसी ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान बॉब सिम्पसन के निधन शोक व्यक्त किया है और उनके योगदान को याद किया है।

Image

बॉब सिम्पसन (फोटो क्रेडिट ICC X)

दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने रविवार को पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बॉब सिम्पसन के निधन पर शोक व्यक्त किया और 1990 के दशक में टीम के विश्व क्रिकेट में शिखर तक पहुंचने के दौरान एक खिलाड़ी, कप्तान और कोच के रूप में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में से एक सिम्पसन का शनिवार को निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को बतौर कोच दिया आकार

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने एक बयान में सिम्पसन के योगदान की प्रशंसा की और कहा कि उन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा। शाह ने बयान में कहा,'बॉब सिम्पसन खेल के महान खिलाड़ियों में से एक थे और उनके निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। उनकी विरासत बहुत बड़ी है। एक खिलाड़ी, कप्तान और बाद में एक कोच के रूप में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को आकार दिया और वैश्विक खेल को प्रेरित किया।'

बॉब का निधन खेल के लिए है एक बड़ी क्षति

इसमें उन्होंने कहा,'उन्होंने खिलाड़ियों की एक ऐसी पीढ़ी का मार्गदर्शन किया जो आगे चलकर किंवदंतिया बन गए और उनका प्रभाव मैदान से कहीं आगे तक था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की ओर से मैं उनके परिवार, दोस्तों और पूरे क्रिकेट जगत के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। उनका निधन खेल के लिए एक बड़ी क्षति है, लेकिन उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा और संजोया जाएगा।'

आईसीसी ‘हॉल ऑफ फेमर’ सिम्पसन ने 1957 से 1978 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए 62 टेस्ट मैच खेले जिसमें 46.81 के औसत से 4,869 रन बनाए। इसमें 10 शतक, 27 अर्धशतक और 311 का सर्वोच्च स्कोर शामिल है।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article