इंडिया चैंपियंस ने हाल ही में पाकिस्तान को हराकर WCL 2024 का खिताब अपने नाम किया था। इस जीत के बाद इंडिया चैंपियंस के खिलाड़ी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें वह लंगड़ा कर चलते हुए दिख रहे थे। दरअसल उन लोगों की मंशा किसी को ठेस पहुंचाने की नहीं थी। वह बस यह दिखाना चाहते थे कि लगातार 15 दिन तक खेलने के बाद उनका शरीर कैसा महसूस कर रहा है, लेकिन इस वीडियो पर एक पैरा एथलीट मानसी जोशी ने ऐतराज जताया था।
उन्होंने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा था कि स्टार खिलाड़ियों से इस तरह के व्यव्हार की अपेक्षा नहीं थी। उन्हें थोड़ी जिम्मेदारी दिखानी चाहिए थी और किसी का मजाक नहीं बनाना चाहिए था।
अब हरभजन ने मांगी माफी
इस पूरे मुद्दे पर अब हरभजन सिंह ने एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से माफी मांगी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मेरी मंशा किसी भी समुदाय को ठेस पहुंचाने की नहीं थी। हमने वीडियो में बस यह दिखाने की कोशिश की थी कि लगातार 15 दिन खेलने के बाद हम लोगों का शरीर कैसा महसूस कर रहा है।
हरभजन ने वीडियो भी किया डिलीट
हरभजन सिंह ने माफी मांगने के साथ-साथ पोस्ट किए गए वीडियो को भी डिलीट कर दिया। इस वीडियो में हरभजन सिंह अकेले नहीं थे बल्कि उनके साथ सुरेश रैना, युवराज सिंह और गुरकीरत मान जैसे खिलाड़ी भी थे। इस वीडियो के कैप्शन में हरभजन ने जो लिखा था उससे भी साफ था कि उनकी मंशा किसी के मजाक उड़ाने की बिल्कुल नहीं थी। कैप्शन में हरभजन ने लिखा '15 दिन के लीजेंड्स क्रिकेट में बॉडी की तौबा-तौबा हो गई। पूरा शरीर दर्द कर रहा है।
