क्रिकेट

400 रन नॉट आउट, मिजोरम के चिन्मय सुतार ने रणजी ट्रॉफी में रचा इतिहास

मिजोरम के बल्लेबाज चिन्यम सुतार ने रणजी ट्रॉफी में इतिहास रच दिया है। नागालैंड के खिलाफ एक मुकाबले में उन्होंने नाबाद 400 रन की पारी खेली। सुतार ने जैसे ही 400 रन का आंकड़ा छूआ, उनकी टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 581 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।

Image

चिन्मय सुतार (साभार-X)

29 वर्षीय मिजोरम बल्लेबाज ने सोमवार को रणजी ट्रॉफी में इतिहास रच दिया। चिन्मय ने नागालैंड के खिलाफ मैच में 517 गेंद में नाबाद 400 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 46 चौके और 7 छक्के जड़े। वह रणजी ट्रॉफी में 400 या इससे ज्यादा रन की पारी खेलने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। इससे पहले 1948 में महाराष्ट्र की ओर से बीबी निंबलकार ने नाबाद 443 रन की पारी खेली थी। इतना ही नहीं यह रणजी ट्रॉफी में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर हैं। चिन्मय ने पृथ्वी शॉ का रिकॉर्ड तोड़ दिया जिन्होंने 379 रन की पारी खेली थी। सुतार का यह दूसरा ही मैच था और उन्होंने इसे यादगार बना दिया। सुतार ने जैसे ही 400 रन का आंकड़ा छूआ, उनकी टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 581 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।

10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी

सुतार ने 10वें विकेट के लिए लालरेमपुनिया छकछुआक के साथ 190 रन की नाबाद साझेदारी की। यह रणजी ट्रॉफी में 10वें विकेट के लिए तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। 10वें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी की रिकॉर्ड अजय शर्मा और महिंदर सिंह के नाम है जिन्होंने 10वें विकेट के लिए 233 रन की साझेदारी की थी।

सुतार हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की ओर से खेल रहे थे। जून में, उन्होंने मुंबई टी20 लीग में एमएससी मराठा रॉयल्स को जीत भी दिलाई थी जहां उन्होंने लगातार दो अर्धशतकीय पारी खेली थी। उन्होंने छह पारियों में 120 के स्ट्राइक रेट से 212 रन बनाकर सीजन फिनिश किया।

2026-27 सीज़न शुरू होने से पहले, सुतार ने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) से एनओसी प्राप्त की और मिजोरम के लिए रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया, जिसमें उन्होंने मणिपुर के खिलाफ तीन विकेट से मिली हार में 35 और 99 रन बनाए। 68 रन से पिछड़ने के बावजूद अगर मिजोरम की टीम मणिपुर की टीम को टक्कर दे पाई थी तो उसके पीछे सुतार की बल्लेबाजी ही थी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article