क्रिकेट

यह नियम खत्म कर रहा है कौशल और... IPL 2026 के आगाज से पहले शुभमन गिल भी आए इम्पैक्ट प्लेयर रूल के खिलाफ

टीम इंडिया के टेस्ट और गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने भी आईपीएल 2026 के आगाज से पहले इम्पैक्ट प्लेयर रूल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जानिए उन्होंने इस नियम के विरोध में क्या कहा?

Image

गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल(फोटो क्रेडिट PTI)

अहमदाबाद: गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को आईपीएल में ’इंपैक्ट प्लेयर’ नियम पर चिंता जताते हुए कहा कि यह ’खेल से कौशल और चुनौती की अहमियत को कम करता है।’ इस नियम पर पहले भी भारतीय खिलाड़ियों ने आपत्ति जताई है, जिनमें रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या और हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल शामिल हैं।

कप्तानों ने की है इम्पैक्ट प्लेयर रूल की समीक्षा की मांग

मुंबई में बुधवार को हुई आईपीएल कप्तानों की बैठक में गिल सहित अधिकांश कप्तानों ने बीसीसीआई से इस नियम की समीक्षा करने की मांग की। यह नियम 2023 में लागू किया गया था और इसे कम से कम 2027 तक बढ़ाया गया है। गिल ने कहा,'मेरे व्यक्तिगत विचार से ’इंपैक्ट प्लेयर’ नहीं होना चाहिए। क्रिकेट सामान्यतः 11 खिलाड़ियों का खेल है। इसमें एक अतिरिक्त बल्लेबाज या गेंदबाज जोड़ने से खेल की वास्तविक चुनौती और खिलाड़ी की कौशल का महत्व कम हो जाता है।'

इस नियम की वजह से एक तरफा हो गया है खेल

गिल ने कहा, 'खेल में एक निश्चित कौशल होता है। अगर आपकी कुछ मुख्य बल्लेबाज जल्दी आउट हो जाएं, तो टीम को अच्छी स्कोर तक पहुंचाने के लिए रणनीति और कौशल की जरूरत होती है। लेकिन इस एक अतिरिक्त खिलाड़ी से खेल का झुकाव एकतरफा हो गया है। इससे चुनौती भी कम हो गई है। मेरे लिए आसान पिच पर 220 रन का पीछा करने से ज्यादा रोमांच चुनौतीपूर्ण पिच पर 180 या 160 रन का पीछा करने में है।'

2027 के बाद ही हो सकता है बदलाव

बीसीसीआई इस नियम पर अंतिम फैसला 2027 के बाद ही ले सकेगा। गिल ने कहा,'यह नियम 2027 तक लागू रहेगा। कप्तानों की बैठक में हमने इस पर चर्चा की थी। मुझे समझ है कि यह खेल को थोड़ी मनोरंजक बनाता है, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मुझे यह पसंद नहीं है। फैसला बीसीसीआई का होगा।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article