कोलंबो: श्रीलंका की अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान धम्मिका निरोशना की बुधवार को उनके घर के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। वो 41 वर्ष के थे। हत्या करने वाले शख्स की पहचान नहीं हो सकी है। श्रीलंका पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अबतक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
छोटा रहा क्रिकेट करियर
निरोशना को श्रीलंका की सीनियर टीम के लिए खेलने का कभी मौका नहीं मिला। उन्होंने एंजेलो मैथ्यूज , उपुल थरंगा और परवेज माहरूफ के साथ अंडर-19 क्रिकेट खेली थी। साल 2001 से 2004 के बीच निरोशना ने गॉल क्रिकेट क्लब के लिए 12 प्रथम श्रेणी और 8 लिस्ट ए मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने तकरीबन 300 रन बनाए और 19 विकेट अपने नाम किए।
2004 में ले लिया था सभी फॉर्मेट से संन्यास
निरोशना ने साल 2004 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। घरेलू क्रिकेट सर्किट में उन्हें जॉन्टी नाम मिला था। उन्होंने साल 2000 में श्रीलंका के लिए अंडर-19 डेब्यू किया था और 2002 में टीम के कप्तान बने। दिसंबर 2004 में उन्होंने अचानक सबको हैरान करते हुए क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था।
