शहर

Varanasi Accident: हाईवे पर सेल्फी लेना पड़ा भारी, ट्रक ने चार दोस्तों को रौंदा, विंध्याचल धाम से लौट रहे थे युवक

वाराणसी में सोमवार सुबह NH-19 के रूपापुर ओवरब्रिज पर ट्रक की टक्कर से चार लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। पुलिस CCTV फुटेज के जरिए उसकी तलाश कर रही है।

Image

वाराणसी में दर्दनाक हादसा

Photo : Times Now Digital

Varanasi Accident: वाराणसी में सोमवार सुबह NH-19 पर एक भयावह सड़क हादसा हो गया। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर गांव के पास ओवरब्रिज पर सेल्फी ले रहे युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। सभी युवक मां विंध्याचल के दर्शन कर काशी लौट रहे थे।

स्कॉर्पियो को करीब 30 फीट तक घसीटता ले गया ट्रक

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब छह बजे रूपापुर के पास ओवरब्रिज पर एक स्कॉर्पियो खड़ी थी। उसमें सवार युवक गाड़ी रोककर हाईवे पर सेल्फी ले रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक आया, जिसने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और स्कॉर्पियो करीब 30 फीट तक घिसटती चली गई। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान वहां मौजूद सात युवक ट्रक की चपेट में आ गए। इनमें से चार की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि दो युवक ओवरब्रिज से करीब 30 फीट नीचे जा गिरे। मृतकों और घायलों की उम्र करीब 30 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान करने और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को स्कॉर्पियो से चुनरी और प्रसाद भी बरामद हुआ है। इसके आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक विंध्याचल धाम में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ओवरब्रिज पर सेल्फी ले रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article