Stock Market Today: सोमवार, 19 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत दबाव के साथ हुई। शुरुआती बिकवाली में Sensex अपने पिछले बंद स्तर से करीब 560 अंक तक टूट गया, जबकि Nifty में करीब 176 अंकों की गिरावट आई। हालांकि, निचले स्तरों से बाजार ने रिकवरी भी की है। Nifty करीब 29.1 अंक ऊपर 23,175.25 तक चला गया। इसी तरह सेंसेक्स 120 अंक तक उछलकर 74,849.75 तक पहुंच गया। हालांकि, मार्केट ब्रेड्थ कमजोर बनी हुई है।
सेंसेक्स-निफ्टी को पिछले 3 सत्र से ऊपर धकेल रहे IT शेयरों की रफ्तार सुस्त पड़ती दिख रही है। हालांकि, पिछले करीब 1 सप्ताह से पिट रहे PSU बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी हुई। निफ्टी IT इंडेक्स 0.21% नीचे था, जबकि Nifty PSU Bank इंडेक्स 2.49% उछल गया। इसके उलट Nifty Private Bank इंडेक्स 1.30% नीचे कारोबार कर रहा था।
बाजार में गिरावट की क्या हैं 3 बड़ी वजहें?
1. ग्लोबल बाजारों से मिले कमजोर संकेत : भारतीय बाजार पर विदेशी बाजारों की कमजोरी का असर भी दिखा। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार में टेक शेयरों पर दबाव रहा था। S&P 500 इंडेक्स 1.09% गिरा, जबकि Nasdaq Composite में 2.14% की गिरावट आई। सोमवार को एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला रुख रहा। ऐसे में निवेशक घरेलू कंपनियों के तिमाही नतीजों और ग्लोबल संकेतों को लेकर सतर्क नजर आए।
2. कच्चे तेल की कीमतें अब भी चिंता : ब्रेंट क्रूड की कीमतों में सोमवार सुबह गिरावट जरूर आई, लेकिन यह करीब 107.89 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ था। तेल की ऊंची कीमतें भारत के लिए चिंता का विषय हैं, क्योंकि इससे आयात बिल, महंगाई और रुपये पर दबाव बढ़ सकता है। हालांकि, फिलहाल RBI के दखल की वजह से रुपये में मजबूती का ट्रेंड है।
3. कंपनियों के नतीजों पर टिकी नजर : इस हफ्ते बाजार की दिशा पर कंपनियों के सितंबर तिमाही के नतीजों का असर अहम रहने वाला है। निवेशक मुनाफे की बढ़ोतरी, मार्जिन, कर्ज की मांग और कंपनियों के भविष्य के अनुमानों पर नजर रख रहे हैं। सोमवार को बैंकिंग, फाइनेंस और अन्य प्रमुख कंपनियों के नतीजे भी निवेशकों के फोकस में हैं।
IT Stocks की रफ्तार क्यों पड़ी धीमी?
IT शेयरों में शुरुआती नरमी को पिछले हफ्ते की तेज रैली के बाद मुनाफावसूली के संदर्भ में देखा जा सकता है। 16 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में Nifty IT इंडेक्स करीब 11.7% चढ़ा था। यह 2008 के बाद इस सेक्टर की सबसे बड़ी साप्ताहिक तेजी बताई गई। बेहतर तिमाही नतीजों, खासकर HCLTech के प्रदर्शन, और वैश्विक AI शेयरों में बिकवाली के बीच भारतीय IT कंपनियों में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी थी।
PSU बैंक भागे, प्राइवेट बैंक शेयरों में दबाव
सेक्टरों में सबसे दिलचस्प चाल PSU बैंकिंग शेयरों की रही। सुबह करीब 9:36 बजे Nifty PSU Bank इंडेक्स 2.49% बढ़कर 8,296.40 पर पहुंच गया। इसके उलट Nifty Private Bank इंडेक्स 1.30% गिरा और Nifty Bank इंडेक्स में 0.35% की कमजोरी रही। हालांकि, इसे कंपनियों के नतीजों से जोड़कर देखा जा रहा है।
