एक वक्त था जब विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर ऐसी खबरें आ रही थी कि ड्रेसिंग रूम में दोनों के बीच सब कुछ ठीक नहीं है। जबसे विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा ने टीम की कमान संभाली तब से इस बात की चर्चा और भी तेज हो गई, लेकिन कभी भी इन दोनों खिलाड़ियों की तरफ से किसी तरह का बयान सामने नहीं आया।
लेकिन अब पूर्व फील्डिंग कोच आर श्रीधर ने अपनी किताब में दोनों के रिश्तों पर खुलासा किया है। आर श्रीधर की किताब में इस बात का पता चलता है कि दोनों के बीच तकरार की खबरें केवल अफवाह तक सीमित नहीं थी। लेकिन समय रहते इसे सुलझा लिया गया।
हालांकि, श्रीधर ने मीडिया में इसको लेकर किए गए दावों को खारिज किया। 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में हार के बाद चीजें और भी खराब हुई। कोहली ने टी20 की कप्तानी छोड़ी फिर उन्हें वनडे की कप्तानी से हटा दिया गया।
आर श्रीधर ने किताब में किया खुलासा
श्रीधर ने अपनी किताब कोचिंग बियोंड में लिखा '2019 वर्ल्ड कप के बाद ड्रेसिंग रूम में कई चीजें खराब हुई। हमें ऐसी खबर मिली कि विराट और रोहित की अलग-अलग कैंप है और एक किसी ने दूसरे को सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया है। लग रहा था कि यदि इसे सुलझाया नहीं गया तो यह हाथ से बाहर निकल जाएगी।टीम इंडिया वर्ल्ड कप के फौरन बाद वेस्टइंडीज के दौरे पर गई थी, जहां हेड कोच रवि शास्त्री ने इस मुद्दे को सुलझाया था। उन्होंने दोनों को बुलाया और इस पूरे मुद्दे को सुलझाया। हालांकि, रवि शास्त्री ने इस मुद्दे पर कभी भी मीडिया के सामने यह नहीं स्वीकारा था कि दोनों के बीच ड्रेसिंग रूम में कभी कोई विवाद था। बाद में विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच कई ऐसी तस्वीरें सामने आई जिससे यह साफ हो गया कि दोनों के बीच अब सब कुछ ठीक है।
