क्रिकेट

Eng vs NZ: 15 साल बाद ब्रॉड और एंडरसन की जोड़ी ने दिलाई इंग्लैंड को न्यूजीलैंड में जीत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 19, 2023, 09:38 AM IST

Eng vs NZ: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला टेस्ट चौथे दिन ही जीत लिया है। न्यूजीलैंड की टीम को चौथी इनिंग में 394 रन की दरकार थी, लेकिन पूरी टीम केवल 126 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड ने 267 रन के बड़े अंतर से यह मुकाबला जीत लिया।

Image

स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन

Photo : Twitter

इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच बे-ओवल माउंट माउंगनुई में खेले गए पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन ही इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 267 रन के बड़े अंतर से हरा दिया है। इंग्लैंड को चौथे दिन जीत के लिए 5 विकेट की दरकार थी, जो उसने पहले सेशन में ही हासिल कर ली।

न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 394 रन का लक्ष्य था, लेकिन ब्रॉड और एंडरसन की जोड़ी ने कीवी टीम को 126 रन के स्कोर पर आउट कर दिया। न्यूजीलैंड की तरफ से डेरिल मिचेल 57 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी का साथ नहीं मिला। इंग्लैंड को न्यूजीलैंड की धरती पर 2008 के बाद यह पहली जीत मिली है। इसके साथ ही टीम ने 2 मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड की जोड़ी का धमाल

खेल के तीसरे दिन ब्रॉड ने 4 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को बैकफुट पर धकेला था तो चौथे दिन बारी उनके जोड़ीदार जेम्स एंडरसन की थी। एंडरसन ने 7.3 ओवर में केवल 18 रन देकर 4 विकेट लिए और न्यूजीलैंड की टीम 126 रन बनाकर आउट हो गई।

इससे पहले इंग्लैंड ने पहली पारी में बेन डकेट के 84 और हैरी ब्रुक के 89 रन की पारी के दम पर 325 रन बनाकर पारी घोषित की थी, जबकि न्यूजीलैंड की पहली पारी 306 रन बनाकर आउट हो गई थी। पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड ने 19 रन की बढ़त हासिल की थी।

दूसरी पारी में भी इंग्लैंड का धमाल

दूसरी पारी में भी इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 374 रन बनाए और न्यूजीलैंड के सामने 394 रन का लक्ष्य रखा। बाकी का काम ब्रॉड और एंडरसन की जोड़ी ने कर दिया और न्यूजीलैंड की पारी 126 पर आउट हो गई। दोनों ने मिलकर मैच में 20 में से 12 विकेट झटके। सीरीज का दूसरा मैच 24 फरवरी को वेलिंगटन में खेला जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article