Delhi Premier League 2025: दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) की स्टार टीम पुरानी दिल्ली 6 ने आगामी सत्र के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को अपने दस्ते में बरकरार रखने का ऐलान किया है। पंत को इस साल भी टीम का मार्की खिलाड़ी (Icon Player) बनाया गया है, जिससे उनके प्रशंसकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
पिछले सीजन में रहा दुर्भाग्य, इस बार जीत की उम्मीद
डीपीएल 2024 में पुरानी दिल्ली 6 ने शानदार प्रदर्शन किया था, लेकिन सेमीफाइनल मैच बारिश की भेंट चढ़ गया, जिसके कारण टीम खिताब से वंचित रह गई। इस बार पंत के नेतृत्व में टीम ने अपनी तैयारियों को और मजबूत कर लिया है, ताकि इस सत्र में वह चैंपियनशिप जीत सके।
"पुरानी दिल्ली 6 मेरे लिए घर जैसी" – ऋषभ पंत
ऋषभ पंत ने इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, "डीपीएल युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है। इस लीग की सफलता का श्रेय रोहन जेटली और डीडीसीए को जाता है। यहाँ से कई युवा खिलाड़ी उभरकर सामने आए हैं, जैसे दिग्वेश राठी और प्रियांश आर्य।उन्होंने आगे कहा, "पुरानी दिल्ली 6 मेरे लिए घर जैसी है। पिछले साल हमने अच्छा प्रदर्शन किया, और इस बार हमारा लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है। हम और मजबूत होकर लौटे हैं।"
"पंत हैं हमारी टीम की धड़कन" – मालिक आकाश नांगिया
पुरानी दिल्ली 6 के मालिक आकाश नांगिया ने पंत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, "ऋषभ पंत न सिर्फ एक विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं, बल्कि वे हमारी टीम की रीढ़ भी हैं। उनका नेतृत्व, अनुभव और जुनून हमें मैचों में बढ़त दिलाता है। हम उनके इर्द-गिर्द एक शक्तिशाली टीम बना रहे हैं और इस साल बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।"
डीपीएल 2025 में जुड़ीं दो नई टीमें, नीलामी 6 जुलाई को
इस बीच, दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) ने डीपीएल में दो नई पुरुष फ्रेंचाइजी – 'आउटर दिल्ली' और 'नई दिल्ली' – को शामिल करने की घोषणा की है। इसके साथ ही लीग में अब 8 टीमें होंगी।
पुरुष खिलाड़ियों की नीलामी: 6 जुलाई
महिला खिलाड़ियों की नीलामी: 7 जुलाई
