Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Gen-Z के हीरो से मोहभंग! नेपाल में बालेन शाह के खिलाफ क्यों बढ़ रही नाराजगी, 150 दिन में ऐसा क्या हुआ?

सितंबर 2025 के प्रदर्शनों के बाद हुए चुनाव में संसद की 275 में से 182 सीटों पर बड़ी जीत दर्ज करने वाले काठमांडू के पूर्व मेयर एवं रैपर का करिश्मा कमजोर पड़ता दिख रहा है। इन सबके बीच नेपाल में राजनीतिक समीकरण भी बदल रहे हैं। स्पीकर ने शाह को 26 अगस्त को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव के समक्ष पेश होने के लिए कहा है।

Image
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह।
Written by: आलोक कुमार राव
Updated Aug 25, 2026, 13:45 IST
Follow on Google News

Balen Shah News: पांच महीने पहले बालेंद्र शाह यानी बालेन शाह ने जब नेपाल के प्रधानमंत्री बने तो उनसे बहुत उम्मीदें लगाई गईं। खासकर, Gen-Z प्रदर्शनों की बदौलत हुए सत्ता परिवर्तन में बालेन राजनीतिक बदलाव का एक प्रतीक बने। युवाओं सहित लोगों को लगा कि बालेन चुनौतियों एवं समस्याओं से देश को निकालकर विकास एवं परिवर्तन की राह पर आगे बढ़ाएंगे लेकिन इस उम्मीद को झटका लगा है। लोगों ने बालेन से जो उम्मीद लगाई थी वह टूटने लगी है। खासकर, युवा वर्ग सड़कों पर है और अब वह बालेन के इस्तीफे की मांग कर रहा है। यह सब इतना जल्दी हो जाएगा, इसके बारे में यह कल्पना नहीं की गई थी। सितंबर 2025 के प्रदर्शनों के बाद हुए चुनाव में संसद की 275 में से 182 सीटों पर बड़ी जीत दर्ज करने वाले काठमांडू के पूर्व मेयर एवं रैपर का करिश्मा कमजोर पड़ता दिख रहा है। इन सबके बीच नेपाल में राजनीतिक समीकरण भी बदल रहे हैं। स्पीकर ने शाह को 26 अगस्त को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव के समक्ष पेश होने के लिए कहा है।

8 सितंबर को नेपाल में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए

कहानी शुरू होती है सितंबर 2025 से। 8 सितंबर को नेपाल में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए। शुरुआती वजह थी सरकार का 24 से ज्यादा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगाना। लेकिन नेपाल पुलिस के मुताबिक, यह आंदोलन सुशासन, जवाबदेही, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ मांगों को लेकर जल्द ही एक बड़े जनआक्रोश में बदल गया। प्रदर्शन उग्र होते गए, सुरक्षाबलों से झड़पें हुईं, सरकारी इमारतों में तोड़फोड़ हुई। नतीजा 9 सितंबर को तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा। राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया, और नेपाल नई संसदीय चुनावों की ओर बढ़ा। 19 सितंबर को संविधान दिवस के भाषण में कार्की ने कहा कि यह आंदोलन दरअसल भ्रष्टाचार, शासन-प्रशासन की खामियों और युवाओं की अधूरी उम्मीदों से उपजा असंतोष था।

बड़ी पार्टियों को हराकर काठमांडू का मेयर चुनाव जीता था

अब बात करते हैं बालेन शाह की। इनकी कहानी सितंबर के आंदोलन से पहले शुरू हुई थी। 2022 में, एक निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर, बालेन शाह ने बड़ी-बड़ी स्थापित पार्टियों को हराकर काठमांडू का मेयर चुनाव जीता था । तभी से वो नेपाल के सबसे पहचाने जाने वाले एंटी-एस्टैब्लिशमेंट चेहरों में गिने जाने लगे। सितंबर के आंदोलन के बाद उनकी यह छवि और मजबूत हो गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जेन-जी प्रतिनिधियों ने उनसे एक ट्रांजिशनल भूमिका निभाने की बात भी की थी, लेकिन उन्होंने चुनावी राजनीति चुनी। जनवरी 2026 में उन्होंने काठमांडू मेयर पद से इस्तीफा दिया, राष्ट्रिय स्वतंत्र पार्टी यानी RSP जॉइन की, और पार्टी का प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार बने। चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सीट झापा को चुना। इस सीट पर बालेन शाह ने ओली को बड़े अंतर से हराया।

Balen shah

Balen shah

275 में से 182 सीटें जीती बालेन की RSP

RSP को कुल 275 में से 182 सीटें मिलीं यानी स्पष्ट बहुमत। मार्च 27 को राष्ट्रपति पौडेल ने बालेन शाह को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई।

बालेन शाह से जो उम्मीदें जुड़ीं, वो किसी आम नेता से बहुत अलग थीं। वो कोई पारंपरिक राजनेता नहीं थे जो निरंतरता का वादा करें। उनकी पूरी अपील इसी बात पर टिकी थी कि एक आउटसाइडर पुरानी राजनीतिक व्यवस्था को चुनौती देगा, राजनीतिक भाई-भतीजावाद की जगह पारदर्शिता और डिलीवरी लाएगा। लेकिन यही सबसे बड़ी चुनौती भी बन गई। एक सामान्य सरकार कह सकती है कि सुधार में वक्त लगता है। लेकिन जो सरकार खुद को पुरानी व्यवस्था का विकल्प बताकर सत्ता में आई हो, उसे इस बात पर परखा जाता है कि क्या वो सच में अलग तरीके से काम कर रही है।

नेपाल-भारत सीमा को लेकर विवादित बयान दिया

विपक्षी सांसद लगातार दबाव बना रहे थे कि प्रधानमंत्री संसद में आकर सवालों के जवाब दें। यह विवाद तब और गहरा गया जब 31 मई को संसद में बालेन शाह ने भारत-नेपाल सीमा को लेकर एक विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि कुछ इलाकों में नेपाल ने भी भारतीय क्षेत्र में अतिक्रमण किया है। इस बयान पर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी। स्थानीय मीडिया के मुताबिक सांसदों ने मांग की कि वो या तो इस बयान को स्पष्ट करें या वापस लें। बाद में नेपाल के विदेश मंत्रालय ने सफाई दी कि यह टिप्पणी नो-मैन्स-लैंड इलाकों में सीमा-पार अतिक्रमण और भूमि इस्तेमाल से जुड़ी थी, न कि कोई नया क्षेत्रीय दावा। लेकिन यह सिर्फ एक बयान का मामला नहीं था। विपक्षी सांसद हफ्तों से प्रधानमंत्री की संसद में गैरमौजूदगी पर विरोध कर रहे थे। यह विरोध पूरे 78 दिन तक चला। पिछले हफ्ते स्पीकर ने आदेश दिया कि शाह 26 अगस्त को सदन में पेश हों, जिसके बाद विपक्ष ने अपना विरोध खत्म किया।

दोनों पड़ोसियों के बीच संतुलन साधने की कोशिश में नेपाल

सीमा विवाद वाला हिस्सा भारत के लिए खास तौर पर दिलचस्प है। नेपाल का विदेश मंत्रालय अब भी लिपुलेख, लिम्पियाधुरा और कालापानी जैसे मुद्दों को कूटनीतिक बातचीत से सुलझाने वाला मसला बताता है। 7 अगस्त के भाषण में नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने भारत और चीन दोनों के साथ रिश्तों पर अपनी नीति भी स्पष्ट की थी। यानी काठमांडू अब भी दोनों पड़ोसियों के बीच संतुलन साधने की कोशिश में है। इसके अलावा, बालेन शाह की कूटनीतिक शैली पर भी सवाल उठे हैं। शुरुआत में वो विदेशी राजदूतों से अकेले मिलने से बचते रहे, समूह में मुलाकातों को तरजीह देते थे। लेकिन 10 अगस्त को उन्होंने भारतीय और चीनी राजदूतों से अलग-अलग मुलाकात की जो उनकी पुरानी आदत से हटकर था। कठमांडू पोस्ट को दिए एक इंटरव्यू में जेन-जी एक्टिविस्ट रक्ष्या बाम ने सवाल उठाया कि क्या शाह सरकार उस लोकतांत्रिक जनादेश पर खरी उतर रही है जो आंदोलन ने उन्हें दिया था। बाम ने सरकार के गवर्नेंस, संसदीय भागीदारी और संवाद के तरीके पर आलोचना की।

RSP की चमक अब फीकी पड़ रही?

एक और विश्लेषण में कहा गया कि RSP की चमक अब फीकी पड़ रही है, क्योंकि आम मतदाता अब रोजमर्रा की समस्याओं गवर्नेंस, सेवाएं, आर्थिक दबाव से जूझ रहे हैं। बालेन शाह की सरकार के सामने जो असली तनाव है, वो है आउटसाइडर की राजनीति और संस्थागत सरकार चलाने के बीच का फर्क। मेयर रहते हुए बालेन शाह अपनी छवि सीधी कार्रवाई और सीधे संवाद पर बना सकते थे। लेकिन प्रधानमंत्री के तौर पर उन्हें संसद, अपनी पार्टी, नौकरशाही, संवैधानिक संस्थाएं, विदेशी सरकारें और क्षेत्रीय हितों सबको एक साथ संभालना है।

protest

protest

इसका मतलब यह नहीं कि उनका जनादेश खत्म हो गया है। RSP के पास अब भी स्पष्ट बहुमत है, और उनकी सरकार सत्ता में बनी हुई है। लेकिन राजनीतिक बहस की शर्तें बदल चुकी हैं। 2025 का जेन-जी आंदोलन मूल रूप से जवाबदेही और पुरानी संस्थाओं की नाकामी के खिलाफ था। अब बालेन शाह की सरकार से यह साबित करने को कहा जा रहा है कि वो सिस्टम के अंदर रहकर भी वही जवाबदेही दिखा सकती है।

26 अगस्त को बालेन का पहला बडा़ इम्तिहान

26 अगस्त को बालेन शाह संसद में पेश होंगे यह उनकी सरकार का पहला बड़ा इम्तिहान होगा। लेकिन असली सवाल इससे कहीं आगे का है। आंदोलन ने पुरानी व्यवस्था को गिराया। चुनाव ने बालेन को भारी जनादेश दिया। अब संसद, मतदाता, और वो संस्थाएं जिन्हें वो चला रहे हैं, यह परख रही हैं कि क्या बदलाव का वादा करने वाला यह आउटसाइडर उसी सिस्टम के भीतर रहकर उसे मजबूत भी कर सकता है, जिसे उसने विरासत में पाया।

End of Article