क्रिकेट

टीम इंडिया के क्रिकेटर की पत्नी को मिली जान से मारने की धमकी! जानिए क्या है पूरा मामला

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Feb 3, 2023, 11:31 PM IST

टीम इंडिया के युवा तेज गेंदबाज दीपक चाहर की पत्नी के साथ एक शख्स द्वारा 10 लाख की ठकी के बाद जान से मारने की धमकी देने की एफआईआर आगरा में उनके पिता ने दर्ज कराई है। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

दीपक चाहर और उनकी पत्नी जया भारद्वाज(साभार Deepak Chahar Instagram)

आगरा: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज दीपक चाहर की पत्नी जया भारद्वाज को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाला शख्स हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व पदाधिकारी और उनका बेटा है। ऐसे में अब दीपक के पिता ने आगरा में इस संबंध में पुलिस के पास एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

दीपक चाहर की पत्नी ने ध्रुव पारिख और कमलेश पारिख के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मार देने की धमकी देने का आरोप लगाया है। दीपक के पिता द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक उनकी बहू जया भारद्वाज ने आगरा में रहने वाले ध्रुव पारीख की फर्म पारीख स्पोर्ट्स एंड शॉप के साथ व्यापार के लिए ऑनलाइन लीगल एग्रीमेंट किया था। बिजनेस में साझेदारी के एवज में उन्होंने ध्रुव पारिख को नेट बैंकिंग के जरिए 10 लाख रुपये का भुगतान 7 अक्टूबर, 2022 को किया था। इसके बाद ध्रुव की नीयत खराब हो गई और उन्होंने पैसा हड़प लिया।

जान से मारने की मिल रही है धमकी

अब जब जया भारद्वाज ने ध्रुव पारिख से अपने पैसे वापस मांगे तो उन्होंने वो राशि वापस करने से साफ इनकार कर दिया और अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देकर धमकी दे रहे है। दीपक चाहर के पिता ने एफआईआर में बताया है कि आरोपी उन्हें पैसे मांगने पर गंदी-गंदी गाली दे रहे हैं और जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।

आगरा के हरिपर्वत थाना क्षेत्र का है मामला

कमलेश पारिख हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन में राज्य टीमों के मैनेजर रहे हैं। उनका बेटा आगरा में एमजी रोड पर पारीख स्पोर्ट्स के नाम से फर्म चलाता है। दीपक चाहर का परिवार आगरा के शाहगंज इलाके में मानसरोवर कॉलोनी में रहते हैं। ऐसे में दीपक के पिता लोकेंद्र चाहर ने मामले की एफआईआर दर्ज कराई है। मामला आगरा के हरिपर्वत थाना क्षेत्र का है और पुलिस ने जांच मामले में तफ्तीश शुरू कर दी है।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article