Asian Games 2026: 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों के लिए हॉकी इंडिया ने 20 सदस्यीय भारतीय महिला टीम का ऐलान कर दिया है। अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे को टीम की कमान सौंपी गई है। सलीमा की कप्तानी में ही भारत ने पिछले महीने न्यूजीलैंड में हुए एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीता था। टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और इस जीत के साथ प्रो लीग में वापसी भी की। मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने टीम चयन पर खुशी जताई।
कोच मारिन ने कहा, "हमारे पास जूनियर, अनुभवी और सीनियर खिलाड़ियों का बेहतरीन मिश्रण है। ये सभी एक-दूसरे से बेस्ट प्रदर्शन करवाने के लिए लगातार मेहनत करते हैं।" मारिन ने आगे कहा कि मौजूदा टीम फॉर्म और फिटनेस दोनों में टॉप पर है। उन्हें पूरा यकीन है कि ये खिलाड़ी एशियाई खेलों की कड़ी चुनौती के लिए तैयार हैं।
सविता-बिछू देवी संभालेंगी गोलपोस्ट
पद्मश्री से सम्मानित सविता और युवा बिछू देवी खारीबम को गोलकीपर के तौर पर टीम में जगह मिली है। डिफेंस की जिम्मेदारी सुशीला चानू, इशिका चौधरी और ज्योति के कंधों पर होगी। इनके साथ एफआईएच नेशंस कप में सीनियर टीम के लिए डेब्यू करने वाली लालथांटलुआंगी और शिल्पी डबास को भी मौका दिया गया है। दोनों ने न्यूजीलैंड में अपने खेल से सबको प्रभावित किया था।
मिडफील्ड और फॉरवर्ड लाइन मजबूत
मिडफील्ड की कमान कप्तान सलीमा टेटे संभालेंगी। उनका साथ देने के लिए निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिटा टोप्पो, नेहा और दीपिका सोरेंग टीम में हैं। फॉरवर्ड पंक्ति में लालरेम्सियामी, रूतुजा पिसाल, नवनीत कौर, बलजीत कौर और दीपिका को चुना गया है। दीपिका ने नेशंस कप में सबसे ज्यादा 6 गोल दागे थे। टीम में युवा इशिका और ब्यूटी डुंगडुंग को भी जगह मिली है।
नेशंस कप का फॉर्म दोहराने का लक्ष्य
भारतीय टीम नेशंस कप वाली लय को एशियाई खेलों में भी जारी रखना चाहेगी। वहां टीम एक भी मैच नहीं हारी थी। सलीमा टेटे की कप्तानी में टीम ने आक्रामक हॉकी खेली थी। टीम 19 सितंबर से अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम:
गोलकीपर: सविता, बिछू देवी खारीबम
डिफेंडर: इशिका चौधरी, सुशीला चानू, लालथांटलुआंगी, ज्योति, शिल्पी डबास
मिडफील्डर: सलीमा टेटे (कप्तान), निक्की प्रधान, साक्षी राणा, सुनेलिटा टोप्पो, नेहा, दीपिका सोरेंग
फॉरवर्ड: लालरेम्सियामी, रूतुजा पिसाल, नवनीत कौर, बलजीत कौर, दीपिका, इशिका, ब्यूटी डुंगडुंग
