दो टेस्ट मैच की सीरीज में साउथ अफ्रीका ने पहले टेस्ट मैच में जीत दर्ज की। बांग्लादेश को 9 विकेट से मात देकर 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। पहली पारी में 400 रन लुटाने के बाद साउथ अफ्रीका ने गजब की वापसी करते हुए पांचवें दिन मुकाबला अपने नाम कर लिया।
जोहान्सबर्ग में बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 400 का स्कोर खड़ा किया। यह साउथ अफ्रीका के खिलाफ बांग्लादेश का सबसे बड़ा टोटल रहा। यहां तक पहुंचाने में तौहीद (137) और लिटन दास (120) ने अहम भूमिका निभाई। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी हुई।
इसके जवाब में उतरी साउथ अफ्रीका टीम ने 557 रन बना दिए। मार्केस एकरमैन ने 157 रन की पारी खेली। वहीं, जुबैर हमजा 83 और कप्तान बावुमा ने नाबाद 68 रन बनाए। छह नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे रिकल्टन ने 102 रन बनाए। वहीं, कगिसो रबाडा ने 72 रन की पारी खेली।
साउथ अफ्रीका ने 157 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में बांग्लादेश 168 रन बनाकर सिमट गई। कगिसो रबाडा ने दोनों पारियों में मिलाकर कुल 8 विकेट चटकाए। वहीं, साइमन हार्मर ने छह विकेट अपने नाम किए। साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 12 रन का लक्ष्य मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका ने एक विकेट गंवाकर 1.3 ओवर में मैच जीत लिया। मैच जीतने के साथ ही साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा का नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। वह शुरुआती 16 टेस्ट मुकाबलों में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन गए।
बावुमा ने अपने पहले 16 टेस्ट मैच में कुल 14 टेस्ट मैच जीते, जबकि एक मुकाबला गंवाया और एक ड्रॉ रहा। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान लिंडसे हैसेट के नाम था। लिंडसे ने शुरुआती 16 टेस्ट मुकाबले में बतौर कप्तान 13 मुकाबले जीते थे।
इस लिस्ट में शामिल ऑस्ट्रेलिया के बिल वुडफुल , स्टीव वॉ और रिकी पोंटिंग 11-11 जीत के साथ क्रमशः तीसरे, चौथे और पांचवें पायदान पर हैं। वहीं, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स 11 जीत के साथ छठे स्थान पर काबिज हैं। बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका की टीम फिलहाल आईसीसी रैंकिंग और WTC प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर है।