नवंबर का महीना आधे से ज्यादा खत्म हो चुका है। अब पूरा 2026 साल ही अपने अंतिम पड़ाव या महीने की ओर बढ़ रहा है। इधर नवंबर में जिस तरह की ठंड खासतौर पर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पड़नी चाहिए थी, उसका फिलहाल नामो-निशान तक नहीं दिख रहा है। दिल्ली-NCR में लोगों को अब भी पंखा चलाना पड़ रहा है। इस साल अलनीनो (Al Nino) के चलते देश के कई हिस्सों में मानसूनी बारिश भी कम हुई थी और अब ठंड शुरू नहीं होने से चिंता और बढ़ गई है। इस बीच पोलर वर्टेक्स (Polar Vortex) नाम का एक शब्द चर्चा में है। चलिए जानते हैं यह पोलर वर्टेक्स क्या होता है और यह भारत में सर्दियों की ठंड को कैसे प्रभावित करता है।
नवंबर का महीना अपने समापन की ओर बढ़ रहा है। अब तक दिल्ली-एनसीआर जैसे इलाकों में ठंड का नामो-निशान तक नहीं है। बल्कि कई इलाकों में रात को पंखा चलाकर सोना पड़ रहा है और कार में बिना एसी चलाए अब भी दिक्कत हो रही है। अब तक मौसम की चाल जिस तरह की दिख रही है, उससे लग रहा है उत्तर भारत में इस साल सर्दियों का मिजाज पिछले वर्षों से कुछ अलग रह सकता है। मिल रहे संकेतों को देखें तो दिसंबर के शुरुआती कुछ दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार भी नहीं हैं। अभी के मौसम को देखें तो दिन में गर्मी का अच्छा-खासा एहसास होता है। हालांकि, सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होती है, लेकिन साल के इस समय के अनुसार ठंडक का एहसास अभी नहीं हो रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बार ठंड का असर दिसंबर के आखिरी हफ्ते से जनवरी के बीच ज्यादा महसूस होने की संभावना है।
मौसम में इस बदलाव और ठंड के रूठने के पीछे ध्रुवीय हवाओं यानी पोलर वर्टेक्स की कमजोर होती स्थिति और अल नीनो का प्रभाव अहम माना जा रहा है। आर्कटिक क्षेत्र में ध्रुवीय हवाओं की दिशा में बदलाव से उत्तरी गोलार्ध की जेट स्ट्रीम प्रभावित हो सकती है। इसका असर यूरोप और एशिया के कुछ हिस्सों के मौसम पर भी पड़ सकता है। हालांकि, यह भी सच है कि भारत में सर्दियां कितनी ठंडी होंगी, यह सिर्फ पोलर वर्टेक्स से तय नहीं होता। पश्चिमी विक्षोभ और हिमालयी क्षेत्रों की मौसम संबंधी परिस्थितियां भी इसमें बहुत अहम भूमिका निभाती हैं।
jet streams
क्या होता है पोलर वर्टेक्स?
पोलर वर्टेक्स उत्तरी और दक्षिणी ध्रुवों के ऊपर समताप मंडल (Stratosphere) में लगभग 30 किलोमीटर की ऊंचाई पर बहने वाली बेहद ठंडी हवाओं का विशाल चक्रवाती क्षेत्र है। यह ध्रुवों के आसपास ठंडी हवाओं को एक घेरे में बनाए रखता है। सामान्य स्थिति में इसकी तेज हवाएं आर्कटिक की ठंडी हवा को ध्रुवीय क्षेत्र तक सीमित रखने में मदद करती हैं। जब ऊपरी वायुमंडल में तापमान अचानक बढ़ता है, तो पोलर वर्टेक्स कमजोर पड़ सकता है। कई बार इसकी दिशा में बदलाव होने से आर्कटिक की ठंडी हवाएं दक्षिण की ओर खिसकने लगती हैं। इससे यूरोप, उत्तरी अमेरिका और उत्तरी एशिया के कुछ हिस्सों में भीषण ठंड और बर्फबारी हो सकती है।
नवंबर में ही बदल गई ध्रुवीय हवाओं की दिशा
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 11 नवंबर को पोलर वर्टेक्स की हवाएं कमजोर पड़कर कुछ समय के लिए विपरीत दिशा में बहने लगीं। जबकि आमतौर पर इस तरह का बदलाव जनवरी-फरवरी में देखने को मिलता है। इस तरह नवंबर में ही ध्रुवीय हवाओं की दिशा बदलना असामान्य माना जा रहा है। पोलर वर्टेक्स कमजोर होने से जेट स्ट्रीम के रास्ते और उसकी गति में बदलाव हो सकता है। इसका असर भूमध्यसागरीय क्षेत्र से भारत की ओर आने वाले पश्चिमी विक्षोभ की आवृत्ति और तीव्रता पर भी पड़ सकता है। ज्ञात हो कि बार-बार आने वाले पश्चिमी विक्षोभ भारत में बारिश और बर्फबारी में काफी अहम भूमिका निभाते हैं। अगर ऊपरी वायुमंडल में होने वाले बदलाव निचले वायुमंडल तक पहुंचते हैं, तो हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में तापमान गिरने की परिस्थितियां बन सकती हैं। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ा सकती हैं।
उत्तर भारत में कब पड़ेगी कड़ाके की ठंड?
मौसम विज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर भारत में इस बार लगातार कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना नहीं है। यानी इस साल लगातार कई हफ्तों तक शीतलहर का प्रकोप देखने को नहीं मिलेगा। नवंबर के महीने में अब तक दिन का अधिकतम तापमान काफी ऊपर बना हुआ है। आने वाले दिनों में भी दिन अपेक्षाकृत गर्म ही रह सकते हैं। हालांकि, बीच-बीच में ठंड का अहसास जरूर होगा।
Snowfall North India AIR
अल नीनो का असर भी दिखेगा?
इस बार सर्दियों के मिजाज पर अल नीनो का प्रभाव भी महत्वपूर्ण हो सकता है। अल नीनो के प्रभाव से दिन में धूप तेज रहने और तापमान सामान्य से 1-3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने की संभावना जताई गई है। नवंबर महीने के अंत तक रात का न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। अलनीनो का ज्यादा असर सर्दियों की बारिश पर पड़ सकता है। इस साल सर्दियों में बारिश कम होने के आसार हैं। हालांकि, नमी बढ़ने पर सुबह घना कोहरा छा सकता है। शीतलहर की अवधि छोटी हो सकती है, लेकिन बीच-बीच में 3 से 5 दिन तक कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।
कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि इस बार उत्तर भारत में सर्दी का असर एक समान नहीं रहेगा। दिन में गर्माहट और रात में हल्की ठंड के बीच तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। सर्दियां कुछ कम ठंडी रहेंगी और दिसंबर के आखिरी दिनों व जनवरी में मौसम का रुख ज्यादा ठंडा हो सकता है।
