Mahua Moitra Car Attack: पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा की कार पर हमले का आरोप लगा है। महुआ ने दावा किया है कि गुरुवार को कालीगंज के गोबरा पंचायत इलाके में बीजेपी समर्थकों ने उनकी कार को घेर लिया और पत्थर, लाठी-डंडों और अंडों से हमला किया। इस घटना के बाद बंगाल की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। टीएमसी ने इसे कोर्ट के आदेश की अवहेलना बताया है। कृष्णानगर से सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट कर घटना की जानकारी दी।
महुआ मोइत्रा का बड़ा आरोप
उन्होंने कहा कि पहले ही पुलिस को संभावित हमले की सूचना दे दी थी। उनके मुताबिक, करीब 80 से 90 बीजेपी समर्थक उन्हें निशाना बनाने के लिए इलाके में जमा हुए थे। प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया, काले झंडे दिखाए और वापस जाओ के नारे लगाए। महुआ ने एक पोस्ट में लिखा कि पश्चिम बंगाल पुलिस, डीजीपी और कृष्णानगर पुलिस को उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश के तहत दी गई है। उन्होंने कहा कि गोबरा ग्राम पंचायत में हमले की पूरी जानकारी पुलिस के पास थी, इसके बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
इसके बाद के पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार को धक्का दिया और डंडों व अंडों से हमला किया, जबकि पुलिसकर्मी उन्हें हटाने में नाकाम रहे। महुआ ने लिखा कि पुलिस उन्हें हटाने की बजाय उन्हें ही वहां से चले जाने को कह रही थी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और कोलकाता हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को भी टैग करते हुए कहा कि पुलिस की मौजूदगी में ही उन पर हमला हुआ। महुआ ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर बीजेपी समर्थकों से मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह कोर्ट की अवमानना जैसा है, जब सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस ही हमले में साथ दे। उन्होंने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पर भी निशाना साधा।
घटना पर TMC ने दी प्रतिक्रिया
घटना पर टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कलकत्ता हाईकोर्ट राज्य सरकार और गृह विभाग के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करेगा, या अवमानना का नियम सिर्फ विपक्ष के लिए है। वहीं, टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने कहा कि हम इस हमले की कड़ी निंदा करते हैं। कोर्ट कई बार बोल चुका है, प्रशासन को बार-बार अलर्ट किया गया। इसके बाद भी सांसद की कार रोककर हमला कैसे हो गया। उन्होंने कहा कि इसके लिए पुलिस और बीजेपी दोनों जिम्मेदार हैं। यह बंगाल में जंगलराज की हकीकत है।
BJP ने दिया जवाब
दूसरी ओर, बीजेपी ने इसे लोगों का स्वतःस्फूर्त गुस्सा बताया। बीजेपी के नादिया उत्तर संगठनात्मक जिले के मीडिया संयोजक संदीपन मजूमदार ने कहा कि यह आम लोगों का स्वतःस्फूर्त विरोध है। उन्होंने आरोप लगाया कि महुआ ने जब टीएमसी सत्ता में थी, तब हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया था। उन्होंने कहा कि किसी ने बम नहीं फेंका, सिर्फ अंडे फेंके गए।
