मुंबई। भारत के प्रमुख ब्रॉडकास्ट और डिजिटल नेटवर्क टाइम्स नेटवर्क अपने प्रतिष्ठित विचार-विमर्श मंच 'टाइम्स नाउ समिट' का विस्तार राष्ट्रीय राजधानी से आगे देश के प्रमुख क्षेत्रीय इलाकों तक कर रहा है। भारत के एजेंडे को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण चर्चाओं का मंच रहा यह समिट अब अपने अगले चरण में 'टाइम्स नाउ समिट - कर्नाटक चैप्टर' के साथ आगे बढ़ रहा है। इसका आयोजन 21 नवंबर, 2026 को हो रहा है।
कर्नाटक संस्करण टाइम्स नाउ समिट की क्षेत्रीय चैप्टर रणनीति के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके जरिए राष्ट्रीय राजधानी से आगे बढ़कर उन राज्यों पर फोकस किया जा रहा है, जो भारत की आर्थिक वृद्धि, सुशासन और विकास की कहानी में अहम भूमिका निभाते हैं। तेलंगाना चैप्टर का आयोजन 30 नवंबर को होगा, जबकि तमिलनाडु में भी टाइम्स नाउ समिट आयोजित करने की योजना है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार इस समिट के प्रमुख वक्ता होंगे। इस आयोजन में राज्य सरकार के वरिष्ठ प्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, उद्योग जगत की प्रमुख हस्तियां और संस्थागत नेतृत्व से जुड़े लोग शामिल होंगे। ये सभी राज्य के विकास के अगले चरण पर चर्चा करेंगे। समिट की थीम 'स्केल, स्पीड, सब्सटेंस (विस्तार, गति और सार्थकता)' रखी गई है। इसके तहत संवाद और चर्चाओं के जरिए राज्य की विकास यात्रा, शासन की प्राथमिकताओं और विकास से जुड़े परिणामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
समिट के दौरान बेंगलुरु के बुनियादी ढांचे और शहरी विकास, निवेश एवं वैश्विक व्यापार, डीप टेक और नवाचार, सतत विकास एवं जल सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, पर्यटन, रोजगार, संघवाद और बेंगलुरु से बाहर के क्षेत्रों के विकास जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा, राज्य के निवेश इकोसिस्टम, एक प्रमुख टेक्नोलॉजी एवं इनोवेशन हब के रूप में कर्नाटक की स्थिति और बेंगलुरु से आगे विकास का विस्तार करने की संभावनाओं पर भी बातचीत होगी। इसमें मैसूरु, हुबली-धारवाड़, मंगलुरु, बेलगावी और कलबुर्गी जैसे शहरों में विकास के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
टाइम्स नाउ समिट के कर्नाटक चैप्टर के जरिए विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर राज्य की विकास यात्रा पर सार्थक और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए संवाद को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
टाइम्स नाउ समिट - कर्नाटक चैप्टर को कर्नाटक सरकार का स्टेट पार्टनर के रूप में सहयोग प्राप्त है। टीवीएस एमराल्ड (TVS Emerald) और जॉयअलुकास एसोसिएट (Joyalukkas Associate) पार्टनर हैं, जबकि क्रॉयडन यूके (CROYDON uk) फैशन पार्टनर है।
