नई दिल्ली: टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत आगरकर का 5 अक्टूबर, 2026 को सीनियर सेलेक्शन कमिटी के मुख्य चयनकर्ता के रूप में समाप्त हो गया। बीसीसीआई ने उनकी जगह नए चयनकर्ता को पांच सदस्यीय समिति में खाली हुए पद को भरने के लिए विज्ञापन भी जारी कर दिया। इसके बाद बीसीसीआई ने बुधवार को अजीत आगरकर को उनके योगदान के लिए आधिकारिक तौर पर शुक्रिया कहा।
खास उपलब्धियों वाला रहा कार्यकाल
बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक एक्स पोर्टल पर अजीत आगरकर के लिए संदेश लिखकर कहा, आपका कार्यकाल भारतीय क्रिकेट के लिए खास उपलब्धियों भरा रहा- तीन आईसीसी ट्रॉफियां, दो एशिया कप खिताब और लगातार एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल, साथ ही 2023 ODI वर्ल्ड कप के फाइनल तक का सफर। पुरुष चयन समिति के चेयरमैन के तौर पर आपकी प्रतिबद्धता, दृढ़ विश्वास और योगदान के लिए शुक्रिया श्रीमान अजीत अगरकर। भविष्य के लिए आपको बहुत-बहुत शुभकामनाएं।'
जुलाई 2023 में आगरकर ने संभाला था पद
अगरकर ने जुलाई 2023 में टीम इंडिया की सीनियर सेलेक्शन समिति के अध्यक्ष का पद संभाला था। उनके कार्यकाल में भारतीय टीम साल 2023 के वनडे विश्व कप फाइनल में पहुंची। इसके बाद 2024 T20 वर्ल्ड कप, 2025 आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 T20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया। उनके कार्यकाल में भारत की दो बार एशिया कप अपने नाम किया और एशियाई खेलों में लगातार दो गोल्ड मेडल भी शामिल रहे। भारतीय टीम तीनों फॉर्मेट में एक मजबूत ताकत बनी रही।
विंडीज के खिलाफ सीरीज रही आखिरी असाइनमेंट
चयनकर्ता के रूप में अगरकर का आखिरी असाइनमेंट वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही सीरीज के लिए भारत की व्हाइट-बॉल टीमों का चयन करना था। भारत के पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा ने चयन समिति के कार्यवाहक चेयरमैन का पद संभाला है और न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की T20I सीरीज और इंडिया ए के तीन मैचों के लिए टीम चयन की अध्यक्षता की है। मौजूदा पैनल में शिव सुंदर दास, अजय रात्रा और आरपी सिंह भी शामिल हैं।
सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने वाला खिलाड़ी बनता है चेयरमैन
BCCI के नियम के अनुसार, सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले सेलेक्टर को चेयरमैन बनाया जाता है; ओझा, जिन्होंने भारत के लिए 24 टेस्ट खेले हैं, अभी पैनल के सबसे सीनियर सदस्य हैं। BCCI ने वेस्ट जोन से अगरकर की जगह लेने के लिए आवेदन मंगाए हैं। नया सेलेक्टर टीम की लंबी अवधि की प्लानिंग, टैलेंट की पहचान, घरेलू क्रिकेट पर नज़र रखने और स्ट्रैटेजी मीटिंग्स में शामिल होगा। उम्मीदवारों ने कम से कम सात टेस्ट, 30 फर्स्ट-क्लास मैच, 10 वनडे और 20 फर्स्ट-क्लास गेम खेले होने चाहिए। साथ ही, उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हुए कम से कम पांच साल हो चुके हों। आवेदन करने की आखिरी तारीख 14 अक्टूबर तय की गई है।
