Shubman Gill: भारत के कप्तान शुभमन गिल चोटों और व्यस्त शेड्यूल के कारण लगातार बदलती प्लेइंग इलेवन से चिंतित हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल में खत्म हुई वनडे सीरीज 2-1 से जीतने के बावजूद गिल का मानना है कि अब 2027 वर्ल्ड कप को देखते हुए सेट टीम के साथ खेलना जरूरी है। भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे दर्जे की टीम उतारी थी। जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल एशियाई खेलों में व्यस्त थे, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा दूसरे वनडे में चोटिल हो गए। गिल ने तीसरे वनडे में 5 विकेट से हार के बाद कहा, "ईमानदारी से कहूं तो प्रयोग के लिए ज्यादा समय नहीं है। हम चाहते हैं कि अगली सीरीज से वही कॉम्बिनेशन खेले जो वर्ल्ड कप में खेलेगा।"
खराब फील्डिंग पर जताई नाराजगी
गिल ने कम वनडे मैचों के बीच मुख्य गेंदबाजों की गैरमौजूदगी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। हालांकि उन्होंने कहा कि यह नए खिलाड़ियों के लिए मौका भी है। उन्होंने कहा, "अगर फुल स्ट्रेंथ बॉलिंग होती तो शायद ये खिलाड़ी टीम में नहीं होते। यह उनके लिए अपनी क्षमता दिखाने का शानदार अवसर है।" तीन मैचों में पावरप्ले में विकेट न ले पाने पर गिल ने माना कि इससे नुकसान हुआ। तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने नाबाद 162 रन बनाकर 352 रन का रिकॉर्ड चेज कराया। गिल ने खराब फील्डिंग पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, "हमने आज 3-4 कैच छोड़े। पूरी सीरीज में करीब 7 कैच छोड़े। वर्ल्ड कप से पहले इस एरिया में सुधार करना होगा।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स में जीते दो मेडल, इसके बाद भी क्यों निराश हैं भारतीय स्क्वाश स्टार अभय सिंह
जडेजा को नहीं खिलाने पर दिया जवाब
डेब्यू करने वाले आकिब नबी और अंशुल कंबोज उम्मीद पर खरे नहीं उतरे। गिल ने कहा, "वे बेहतर करना चाहते होंगे। आते ही परफॉर्म करना आसान नहीं। बहुत कम खिलाड़ी पहले मैच से चलते हैं। उम्मीद है वे अपनी गलतियों से सीखेंगे।" नितीश रेड्डी को तीसरे वनडे में रवींद्र जडेजा की जगह मौका मिला। गिल ने साफ किया कि जडेजा को ड्रॉप नहीं किया गया था। उन्होंने कहा, "आगे चयनकर्ताओं से चर्चा होगी। वर्ल्ड कप को देखते हुए जो टीम के लिए सही होगा और कंडीशन के हिसाब से जो ज्यादा योगदान देगा, उसे रखा जाएगा।"
