कभी गौर किया है कि घर से बाहर निकलते समय महिलाएं सिर्फ यह नहीं सोचतीं कि कितना समय लगेगा, रास्ते में ट्रैफिक मिलेगा या नहीं, बल्कि यह भी सोचती हैं कि जरूरत पड़ने पर टॉयलेट कहां मिलेगा? लंबी कार यात्रा हो, बाजार में खरीदारी करनी हो या ऑफिस से लौटते हुए रास्ते में कहीं रुकना हो, महिलाओं की एक चिंता अक्सर साथ चलती है- वहां साफ टॉयलेट होगा भी या नहीं?
कई बार तो टॉयलेट सामने होता है, लेकिन उसकी हालत देखकर कदम अपने आप पीछे हट जाते हैं। कहीं फर्श गंदा है, कहीं पानी नहीं है, कहीं दरवाजे की कुंडी टूटी हुई है। कभी लगता है कि अंदर जाना सुरक्षित नहीं है। ऐसे में महिला क्या करती है? पानी पीना कम कर देती है, अपनी जरूरत रोक लेती है और घर पहुंचने का इंतजार करती है।
यह कोई एक महिला की कहानी नहीं है। कामकाजी महिलाओं से लेकर कॉलेज जाने वाली लड़कियों, घरेलू महिलाओं और रोजाना सफर करने वाली महिलाओं तक, यह अनुभव काफी आम है। सवाल है कि आखिर सार्वजनिक शौचालय महिलाओं के लिए इतनी बड़ी परेशानी क्यों बने हुए हैं?
टॉयलेट की जरूरत से ज्यादा उसकी हालत का डर
मान लीजिए आप बाजार में खरीदारी करने गई हैं। दो-तीन घंटे हो चुके हैं और टॉयलेट जाने की जरूरत महसूस होती है। आसपास एक सार्वजनिक शौचालय दिखाई देता है। लेकिन अंदर पहुंचते ही फर्श पर पानी, गंदगी और तेज बदबू का सामना करना पड़ता है। दरवाजा बंद नहीं होता और हाथ धोने के लिए साबुन भी नहीं है।
ऐसे में क्या आप वहां जाना चाहेंगी?
शायद नहीं। बहुत सी महिलाएं ऐसी स्थिति में वापस लौटना पसंद करती हैं। उन्हें डर रहता है कि गंदे टॉयलेट के इस्तेमाल से संक्रमण न हो जाए। यह डर केवल वहम नहीं है। साफ-सफाई, पानी और हाथ धोने की सुविधा का अभाव वास्तविक स्वास्थ्य संबंधी चिंता है।
भारत सरकार के नेशनल एनुअल रूरल सैनिटेशन सर्वे (NARSS) 2018-19 में 1,091 सार्वजनिक शौचालयों का आकलन किया गया था। इसमें केवल 59.1 फीसदी शौचालयों में पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग सेक्शन मिले। यानी सर्वे के समय करीब 41 फीसदी सार्वजनिक शौचालयों में यह व्यवस्था नहीं थी। यह पुराना आंकड़ा है, लेकिन बताता है कि सार्वजनिक सुविधाओं में लैंगिक जरूरतों को पूरा करना लंबे समय से चुनौती रहा है।
महिलाएं टॉयलेट जाने की जरूरत को दबा क्यों देती हैं
यहां एक ऐसा पहलू है, जिस पर शायद ही कभी खुलकर बात होती है। महिलाएं कई बार टॉयलेट की जरूरत को ही टाल देती हैं। उन्हें पता होता है कि पानी पीने के बाद बार-बार टॉयलेट जाना पड़ सकता है। इसलिए सफर पर निकलने से पहले या रास्ते में वे पानी कम पीती हैं।
2025 में प्रकाशित एक शोध में भारत के तिरुचिरापल्ली और युगांडा के कंपाला की महिलाओं के अनुभवों का अध्ययन किया गया। तिरुचिरापल्ली में सर्वे में शामिल 350 महिलाओं में से 336 यानी 96 फीसदी से अधिक ने टॉयलेट की जरूरत को दबाने की बात बताई। वहीं 611 महिलाओं में से 100 यानी करीब 16 फीसदी ने जरूरत के बावजूद खाने-पीने को टालने की बात स्वीकार की।
यह आंकड़ा चौंकाता है। इसका मतलब है कि टॉयलेट की उपलब्धता और उसकी हालत महिलाओं के खाने-पीने जैसे सामान्य व्यवहार को भी प्रभावित कर सकती है।
पीरियड्स में पब्लिक टॉयलेट किसी परीक्षा से कम नहीं
सामान्य दिनों में जहां महिलाएं किसी तरह काम चला लेती हैं, वहीं पीरियड्स के दौरान परेशानी कई गुना बढ़ जाती है। सैनिटरी पैड बदलना हो तो साफ और बंद जगह चाहिए। पानी, साबुन और इस्तेमाल किए गए पैड को फेंकने के लिए डस्टबिन भी जरूरी है।
चेन्नई में Greater Chennai Corporation और LEAD at Krea University के Gender and Policy Lab ने 2024 में सार्वजनिक जगहों पर काम करने वाली 491 महिलाओं का अध्ययन किया। इसमें 374 महिलाओं यानी करीब 76 फीसदी ने बताया कि उन्हें मासिक धर्म के दौरान निजी जगह पर कपड़े या पैड बदलने और साफ-सफाई की सुविधा नहीं मिलती। करीब 99 फीसदी महिलाओं ने अपने कार्यस्थल पर पीरियड्स से जुड़ी चीजो की अनुपलब्धता बताई।
जरा सोचिए, जिन महिलाओं का काम ही सड़कों पर है, जैसे डिलीवरी एजेंट, सफाई कर्मचारी और ऑटो चालक, उनके लिए यह कितनी बड़ी चुनौती होगी। उन्हें काम भी करना है और इन बुनियादी जरूरतों का इंतजाम भी खुद करना है।
डर के साथ जुड़ी है बचपन से मिली झिझक
हमारे यहां लड़कियों को बचपन से ही सिखाया जाता है कि घर से बाहर ज्यादा देर मत रुको, अनजान जगह पर मत जाओ और सार्वजनिक जगहों पर अपनी जरूरतों को लेकर सतर्क रहो। धीरे-धीरे यह सतर्कता आदत बन जाती है।
कई महिलाएं किसी अनजान टॉयलेट में जाने से पहले आसपास का माहौल देखती हैं। वहां कोई महिला कर्मचारी है या नहीं, दरवाजे पर लॉक है या नहीं, रोशनी ठीक है या नहीं- ये सब बातें उनके फैसले का हिस्सा होती हैं।
यानी पुरुष के लिए टॉयलेट ढूंढना जहां एक सामान्य जरूरत है, वहीं महिला को उसके साथ सुरक्षा, प्राइवेसी और साफ-सफाई का पूरा हिसाब लगाना पड़ता है।
टॉयलेट रोकने की आदत सेहत पर भी पड़ सकती है भारी
बार-बार पेशाब रोकना और पानी कम पीना अच्छी आदत नहीं है। 2022 में BMC Infectious Diseases में प्रकाशित एक भारतीय अध्ययन में 816 हॉस्टल में रहने वाली महिलाओं को शामिल किया गया था। इसमें नियमित रूप से पेशाब रोकने की आदत और यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) के बीच संबंध पाया गया। शोध में सार्वजनिक शौचालयों की खराब स्थिति को पेशाब रोकने की एक प्रमुख वजह बताया गया।
हालांकि, हर UTI का कारण पेशाब रोकना नहीं होता। लेकिन टॉयलेट की खराब व्यवस्था के कारण बार-बार जरूरत टालना महिलाओं की सेहत के लिए ठीक नहीं है। पर्याप्त पानी पीना और जरूरत महसूस होने पर समय पर पेशाब करना जरूरी है।
समाधान क्या है- सिर्फ टॉयलेट बनाना काफी नहीं
विश्व शौचालय दिवस (World Toilet Day) हर साल 19 नवंबर को मनाया जाता है। 2026 की थीम है Safe Toilets. Equal Futures. यानी सुरक्षित शौचालय, समान भविष्य। संयुक्त राष्ट्र का यह अभियान स्वच्छता को महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान और समान अवसरों से जोड़ता है।
समस्या का समाधान भी इसी सोच से निकलेगा। सार्वजनिक शौचालयों में केवल महिलाओं के लिए अलग सेक्शन बना देना काफी नहीं है। वहां नियमित सफाई, पानी, साबुन, काम करने वाली कुंडी, पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित प्रवेश की व्यवस्था होनी चाहिए।
पीरियड्स को ध्यान में रखते हुए सैनिटरी पैड डिस्पेंसर और इस्तेमाल किए गए पैड के निस्तारण के लिए डस्टबिन होने चाहिए। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, बाजार, पार्क और सड़क किनारे महिलाओं के लिए पर्याप्त शौचालय बनाए जाएं। उनकी सफाई और रखरखाव की नियमित निगरानी होनी चाहिए। शिकायत के लिए क्यूआर कोड या हेल्पलाइन जैसी व्यवस्था भी मददगार हो सकती है।
एक और जरूरी बदलाव हमारी सोच में होना चाहिए। घरेलू कामगारों, डिलीवरी एजेंटों, सफाई कर्मचारियों और दूसरी महिला श्रमिकों को भी कार्यस्थल पर टॉयलेट इस्तेमाल करने और पानी पीने का अधिकार मिलना चाहिए।
आखिरकार, किसी महिला को घर से निकलते समय यह सोचना नहीं होगा कि वह कितनी देर तक पानी नहीं पिएगी या पेशाब कैसे रोकेगी। टॉयलेट कोई ऐसी सुविधा नहीं है जिसके लिए उसे किसी से अनुमति मांगनी पड़े। यह उसकी बुनियादी जरूरत और अधिकार है।
याद रहे कि शहरों की तरक्की का पैमाना सिर्फ ऊंची इमारतें, चौड़ी सड़कें और चमकते बाजार नहीं होने चाहिए। यह भी देखना होगा कि वहां रहने और काम करने वाली महिलाओं के लिए एक साफ, सुरक्षित और इस्तेमाल करने लायक टॉयलेट उपलब्ध है या नहीं।
