देश

2070 तक भारत बन जाएगा दूसरा सबसे बड़ा मुस्लिम आबादी वाला देश, घट जाएगी हिंदुओं की हिस्सेदारी, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Hindu Muslim Population India: प्यू रिसर्च सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2020 में भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79 फीसदी थी। साल 2070 तक यह घटकर 76 फीसदी रह जाएगी। इस दौरान मुसलमानों की हिस्सेदारी बढ़कर 20 फीसदी हो जाएगी।

Image

प्रतीकात्मक तस्वीर (फोटो साभार- Newsroom Varified AI)

Hindu Muslim Population India: दुनिया की धार्मिक आबादी को लेकर प्यू रिसर्च सेंटर ने एक बड़ा अनुमान जारी किया है, जिसने भारत में चर्चा छेड़ दी है। इस अध्ययन में साल 2020 से लेकर 2070 तक 201 देशों की आबादी का आकलन किया गया है। इसमें दुनिया की लगभग पूरी आबादी को शामिल किया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझान आगे भी ऐसे ही चलते रहे तो भारत की धार्मिक संरचना में धीरे-धीरे बदलाव आएगा, लेकिन यह बदलाव उतना बड़ा नहीं होगा, जितना अक्सर दावों में बताया जाता है।

2070 में हिंदुओं की आबादी बढ़ेगी 3 प्रतिशत

रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2020 में भारत की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79 फीसदी थी। साल 2070 तक यह घटकर 76 फीसदी रह जाएगी। यानी हिस्सेदारी में करीब 3 फीसदी की कमी आएगी, लेकिन हिंदू आबादी संख्या में लगातार बढ़ेगी। अनुमान है कि 2020 से 2070 के बीच हिंदुओं की आबादी में करीब 17.6 करोड़ की बढ़ोतरी होगी। इसके बाद भी देश की कुल आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी तीन-चौथाई से ज्यादा बनी रहेगी।

भारत में 5 फीसदी बढ़ जाएगी मुसलमानों की आबादी

वहीं, इसी दौरान मुसलमानों की हिस्सेदारी बढ़ने का अनुमान है। साल 2020 में भारत में मुसलमानों की हिस्सेदारी 15 फीसदी थी, जो 2070 तक बढ़कर 20 फीसदी हो जाएगी। संख्या के लिहाज से यह एक बड़ा बदलाव होगा। अनुमान के मुताबिक, तब भारत में मुसलमानों की आबादी करीब 33.4 करोड़ हो जाएगी। इसके साथ ही भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा। पहले नंबर पर पाकिस्तान होगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान, इंडोनेशिया को पीछे छोड़कर दुनिया में सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा। 2070 तक पाकिस्तान में मुसलमानों की आबादी बढ़कर करीब 46.1 करोड़ हो जाएगी। बांग्लादेश में भी मुस्लिम आबादी में काफी बढ़ोतरी का अनुमान है।

बदलाव की सबसे बड़ी वजह क्या?

प्यू रिसर्च के मुताबिक, इसकी वजह धर्म परिवर्तन नहीं, बल्कि उम्र और प्रजनन दर में अंतर है। भारत में मुसलमानों की औसत उम्र हिंदुओं से कम है। साल 2020 में मुसलमानों की औसत उम्र 24 साल थी, जबकि हिंदुओं की औसत उम्र 29 साल थी। कम उम्र की आबादी का मतलब है कि आने वाले सालों में ज्यादा युवा शादी और बच्चे पैदा करने की उम्र में पहुंचेंगे। इसे जनसांख्यिकीय गति कहा जाता है। दूसरी वजह प्रजनन दर है। भारत में कुल प्रजनन दर में तेजी से गिरावट आई है, लेकिन मुस्लिम महिलाएं अब भी औसतन हिंदू महिलाओं से ज्यादा बच्चे पैदा करती हैं। प्यू का अनुमान है कि 2025 से 2030 के बीच मुस्लिम महिलाओं में औसतन 2.3 बच्चे होंगे, जबकि हिंदू महिलाओं में यह आंकड़ा 1.8 होगा।

प्यू रिसर्च सेंटर की स्टेफनी क्रेमर के अनुसार, भारत में धार्मिक बदलाव की मुख्य वजह हिंदुओं और मुसलमानों के बीच लंबे समय से चले आ रहे जनसांख्यिकीय अंतर होंगे। यह कोई अचानक होने वाला बदलाव नहीं है, बल्कि धीरे-धीरे चलने वाली प्रक्रिया है। रिपोर्ट यह भी साफ करती है कि इन अनुमानों से भारत की बदलती धार्मिक संरचना को लेकर कभी-कभी पेश किए जाने वाले बढ़ा-चढ़ाकर दावों को ज्यादा समर्थन नहीं मिलता। हिंदू आबादी घटेगी नहीं, बल्कि बढ़ेगी, सिर्फ हिस्सेदारी में मामूली कमी आएगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article