Trump Xi Putin Meeting: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच गुरुवार को पहली बार त्रिपक्षीय बैठक संपन्न हुई। यह बैठक एक घंटे से अधिक समय तक चली। इस बैठक को वैश्विक राजनीति के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि यह बैठक महज एक कूटनीतिक मुलाकात बनकर भी रह सकती है।
'हम रच रहे इतिहास'
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एसोसिएट प्रेस (AP) के मुताबिक, बैठक की शुरुआत में ट्रंप ने कहा, "हम वास्तव में इतिहास रच रहे हैं। अमेरिका, रूस और चीन की स्थिति ऐसी है कि वे दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने और उनके इस्तेमाल के खतरे को घटाने पर चर्चा कर सकते हैं।"
ट्रंप ने इस बैठक को अमेरिका के दो प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों चीन और रूस के साथ बातचीत आगे बढ़ाने के अवसर के रूप में पेश किया। उनके एजेंडे में परमाणु हथियारों पर नियंत्रण के लिए नए नियम तैयार करना और यूक्रेन तथा ईरान में जारी युद्धों का समाधान तलाशना शामिल था। हालांकि, विशेषज्ञों ने इस बैठक से किसी बड़े समझौते की उम्मीद कम जताई है।
'परमाणु हथियारों पर लगे प्रतिबंध'
वहीं, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा कि तीनों देशों के बीच बातचीत का मुख्य विषय विश्व शांति को बढ़ावा देना होगा। चीन के सरकारी प्रसारक सीसीटीवी के अनुसार, जिनपिंग ने कहा कि परमाणु हथियारों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए और उन्हें नष्ट कर देना चाहिए। उन्होंने परमाणु हथियारों से मुक्त दुनिया बनाने की भी अपील की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: होर्मुज के पास भारतीय क्रू वाले एक और टैंकर पर हमला
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने द्वितीय विश्व युद्ध में अमेरिका, रूस और चीन की साझा भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने तीनों देशों को उस युद्ध का विजेता बताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय शांति बनाए रखने की उनकी साझा जिम्मेदारी है।
