क्रिकेट

T20 World Cup: भारतीय टीम चयन से नाखुश हैं ब्रेट ली, कहा-इस खिलाड़ी को देना चाहिए था मौका

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 13, 2022, 04:51 AM IST

ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ तेज गेंदबाज रहे ब्रेट ली ने आगामी टी20 विश्व कप के लिए चुनी गई भारतीय टीम पर नाखुशी जताई है। ली का मानना है कि उमरान मलिक जैसे धाकड़ तेज गेंदबाज को मौका मिलना चाहिए।

Image

Umran-Malik

सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने आगामी टी20 विश्व कप के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम पर नाखुशी जताई है। ब्रेट ली का मानना है कि आईपीएल में धमाल मचाने वाले युवा तेज गेंदबाज उमरान मलिक को भारतीय टीम में शामिल किया जाना चाहिए था।

रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह और रिजर्व खिलाड़ी दीपक चाहर चोट की वजह से विश्व कप से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में भारतीय टीम के पास कुछ ही विकल्प बचे थे। मोहम्मद शमी को रिजर्व से मुख्य टीम में शामिल किया जा सकता है। हालांकि मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर को शमी के साथ ऑस्ट्रेलिया रवाना किया जा चुका है।

उमरान मलिक को दिया जाना चाहिए था मौका

ऐसे में ब्रेट ली का मानना है कि अपनी 150 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार वाली तेज गेंदबाजी से सबको प्रभावित करने वाले उमरान मलिक को टीम में शामिल किया जाना चाहिए था। ब्रेट ली ने कहा, उमरान मलिक 150 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे हैं। मेरा मानना है कि अगर आपके पास दुनिया की सबसे बेहतरीन कार है तो आप उसे गैराज में क्यों रखेंगे। ऐसे में कार के होने का क्या फायदा? उमरान मलिक को भारतीय टीम में विश्व कप के लिए टीम में शामिल किया जाना चाहिए था।

उन्होंने आगे कहा, वो युवा हैं और एकदम तरोताजा हैं और 150 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं। तो उन्हें टीम में शामिल करिए और ऑस्ट्रेलिया लाइए जहां गेंद हवा में हरकत करती है। जब कोई खिलाड़ी 140 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करता है और दूसरा 150 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से। दोनों में बहुत अंतर है।

बुमराह का बाहर होना टीम इंडिया के लिए झटका

ब्रेट ली ने अंत में जसप्रीत बुमराह के चोटिल होकर विश्व कप से बाहर होने के टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका बताते हुए कहा, जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ये भारतीय टीम की जीत की संभवनाओं को लगा बड़ा झटका है। मैं ये नहीं कर रहा हूं कि वो अब खिताब नहीं जीत सकते उनकी टीम बेहतरीन है। लेकिन एक मजबूत भारतीय टीम वो है जिसमें जसप्रीत बुमराह हों। बुमराह की गैरमौजूदगी से भुवनेश्वर कुमार जैसे गेंदबाज पर दबाव बढ़ता है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article