मीरपुर: बीसीसीआई (BCCI) ने शनिवार को चोटिल मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) के विकल्प की घोषणा कर दी है। बांग्लादेश (Bangladesh Cricket team) के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम (India Cricket team) में तेज गेंदबाज उमरान मलिक (Umran Malik) चोटिल मोहम्मद शमी को रिप्लेस करेंगे। मोहम्मद शमी को हाथ में चोट लगी है, जिसके कारण वो वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं और टेस्ट सीरीज में उनके खेलने पर संकट मंडरा रहा है।
उमरान मलिक ने हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू किया था। उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में शामिल नहीं किया गया था क्योंकि शमी सहित कई प्रमुख खिलाड़ियों की वापसी हो रही थी। बीसीसीआई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करके कहा, 'बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज की तैयारी के समय मोहम्मद शमी को कंधें में चोट लगी। वो इस समय बेंगलुरु में एनसीए में बीसीसीआई की मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। वह बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने उमरान मलिक को शमी के विकल्प के रूप में शामिल किया है।'
भारतीय टीम इस समय मीरपुर में हैं। टीम इंडिया ने शुक्रवार को पहला अभ्यास सत्र किया। अगले साल विश्व कप के लिहाज से भारतीय टीम वनडे सीरीज से अपनी तैयारी शुरू करेगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में संपन्न तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत को 0-1 की शिकस्त सहनी पड़ी थी। अब भारत के सभी धाकड़ खिलाड़ी लौट आए हैं और ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ रोमांचक सीरीज की उम्मीद है।
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत का स्क्वाड: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, शिखर धवन, विराट कोहली, रजत पाटीदार, श्रेयस अय्यर, राहुल त्रिपाठी, ऋषभ पंत, इशान किशन, शाहबाज अहमद, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, उमरान मलिक, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, दीपक चाहर और कुलदीप सेन।
