BCCI IPL Pitch New Rule: बीसीसीआई ने आईपीएल के 19वें सीजन के आगाज से पहले एक बड़ा फैसला किया है। क्रिकबज के अनुसार, बोर्ड ने सभी दस फ्रेंचाइजी को सख्त निर्देश दिए हैं कि आईपीएल टीम उस पिच पर अभ्यास नहीं कर सकती जिसका उपयोग विपक्षी टीम ने अपने नेट सेशन के दौरान किया हो। यानी दोनों ही टीमों को प्रैक्टिस करने वाली टीमों की नई पिच दी जाएगी।
बीसीसीआई के नए नियम के अनुसार, प्रत्येक टीम को उनके निर्धारित अभ्यास सत्र के लिए नए नेट उपलब्ध कराए जाने चाहिए। एक ही समय में होने वाले अभ्यास सत्रों की स्थिति में, या जब एक टीम दूसरी टीम के बाद अभ्यास करती है, तो पहली टीम को दूसरी टीम के नेट का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी (थ्रो-डाउन सहित)। यदि एक टीम अभ्यास जल्दी समाप्त कर लेती है, तो दूसरी टीम को उनके रेंज-हिटिंग विकेट का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी।
साढ़े तीन घंटे हो सकता है प्रैक्टिस मैच
बीसीसीआई के निर्देश में कहा गया है, 'यदि कोई टीम रोशनी में अभ्यास मैच खेलना चाहती है, तो मैच की अवधि साढ़े तीन घंटे से अधिक नहीं होनी चाहिए।' टीमों द्वारा अधिकतम दो अभ्यास मैच आयोजित किए जा सकते हैं, लेकिन उन्हें बीसीसीआई को पहले से सूचित करना होगा और ये अभ्यास उस मैदान पर आयोजित नहीं किए जा सकते हैं जिसका उपयोग मुकाबले के लिए किया जाएगा।
चार दिन पहले मुख्य मैदान पर कोई अभ्यास नहीं
बीसीसीआई ने कहा, 'सीजन के लिए पिच तैयार करने के उद्देश्य से, संबंधित फ्रेंचाइजी के सीजन के पहले घरेलू मैच से चार दिन पहले तक मुख्य मैदान पर कोई अभ्यास सत्र या अभ्यास मैच नहीं खेला जा सकता है। इस अवधि के दौरान, यदि घरेलू फ्रेंचाइजी द्वारा अनुरोध किया जाता है, तो राज्य संघ को फ्रेंचाइजी को बिना किसी शुल्क के एक वैकल्पिक अभ्यास मैदान उपलब्ध कराना चाहिए।'
मेहमान टीम की सुनी जाएगी अपील
अभ्यास के लिए दो नेट और रेंज हिटिंग के लिए मुख्य मैदान पर एक नेट दोनों टीमों को वितरित किए जाएंगे। बीसीसीआई ने कहा कि शेड्यूल में किसी भी तरह की असहमति होने पर वह मेहमान टीम को प्राथमिकता देगा। हालांकि मेजबान टीम को पसंदीदा सत्र चुनने का पहला अधिकार मिलना चाहिए, लेकिन मेहमान टीम के अनुरोध पर भी विचार किया जाएगा, खासकर अगर उसने पिछले दिन कोई मैच खेला हो और मेहमान टीम की यात्रा व्यवस्था को भी ध्यान में रखा जाएगा।
