क्रिकेट

INDW vs BANW: बांग्लादेश ने भारत को हरा रचा इतिहास, डकवर्थ लुईस नियम से मिली जीत

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Jul 16, 2023, 05:39 PM IST

बांग्लादेश ने पहले वनडे मैच में भारत को हराकर इतिहास रच दिया है। यह पहला मौका है जब बांग्लादेश की टीम ने भारतीय महिला टीम को वनडे में पटखनी दी है। भारत के सामने बारिश से बाधित मैच में 153 रन का लक्ष्य था, लेकिन पूरी टीम 113 रन बनाकर आउट हो गई।

Image

बांग्लादेश ने भारत को हराया (साभार-ICC)

KEY HIGHLIGHTS
  • बांग्लादेश ने भारत को हराया
  • वनडे में भारत के खिलाफ बांग्लादेश की पहली जीत
  • 113 रन बनाकर ढेर हो गई भारतीय महिला टीम

बांग्लादेश ने शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मैच में भारतीय महिला टीम को हराकर इतिहास रच दिया है। भारत के सामने जीत के लिए 153 रन का लक्ष्य था, लेकिन बारिश से बाधित इस मैच में टीम 35.5 ओवर में 113 रन बनाकर ढेर हो गई। बांग्लादेश ने इस मैच को डकवर्थ लुईस नियम से 40 रन के अंतर से जीत लिया है। वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ यह उनकी पहली जीत है।

बांग्लादेश को 152 पर रोका

इससे पहले हरमनप्रीत कौर से टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और बांग्लादेश को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया, लेकिन भारतीय महिला टीम की धारदार गेंदबाजी के सामने पूरी टीम केवल 152 रन ही बना पाई। डेब्यूटांट तेज गेंदबाज अमनजोत कौर ने 31 रन देकर 4 विकेट झटके। कौर के अलावा देविक वैध्य ने 2 विकेट चटकाए। बांग्लादेश की तरफ से सर्वाधिक 39 रन की पारी निगार सुल्ताना ने खेली। उनके अलावा फरगना हक ने 27 रन बनाए। दोनों ने 49 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी भी की।

डकवर्थ लुईस से मिली जीत

बारिश से बाधित इस मैच में भारत के सामने 44 ओवर में 154 रन का लक्ष्य मिला। भारत ने स्मृति मंधाना और प्रिया पुनिया का विकेट जल्दी गंवा दिया। इन दोनों के आउट होने के बाद भारत ने लगातार विकेट गंवाए। दीप्ति शर्मा और डेब्यूटांट अमनजोत कौर ने छठे विकेट के लिए 35 रन जोड़कर जरूर उम्मीद जगाई, लेकिन कौर के आउट होते ही एक बार फिर से विकेट का पतन शुरू हो गया। पूरी टीम 35.5 ओवर में 113 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत की तरफ से सर्वाधिक 20 रन की पारी दीप्ति शर्मा ने खेली। बांग्लादेश की ओर से मारूफा अख्तर ने 4 और राबिया खान ने 3 विकेट झटके।

इस जीत के साथ ही 3 मैच की वनडे सीरीज में बांग्लादेश ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का दूसरा मैच 19 जुलाई को इसी मैदान पर खेला जाएगा। भारत ने टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम किया था।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article