आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स को अभी तक दो मैच में हार मिल चुकी है। पहले मैच में मिली हार से कम सवाल उठे थे लेकिन, हैदराबाद के खिलाफ मिली हार ने साफ कर दिया है कि समस्या सिर्फ चोटिल गेंदबाजों तक सीमित नहीं है। बल्कि केकेआर के मिडिल ऑर्डर में भी कुछ समस्याएं हैं। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रहाणे हैदराबाद के खिलाफ मिली हार का एक प्रमुख कारण बीच के ओवरों में साझेदारी न बन पान बताया।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में भी केकेआर ने बीच के ओवरों में ही मोमेंटम गंवाया था। उस मैच में KKR ने 10 ओवर में 120 रन बना दिए थे, लेकिन अगले 10 ओवरों में टीम सिर्फ 102 रन ही जोड़ सकी। हैदराबाद के खिलाफ भी कहानी लगभग वही रही। शुरुआती पांच ओवर में 67 रन ठोकने के बावजूद टीम उस रफ्तार को बरकरार नहीं रख पाई।
स्ट्राइक रेट पर उठा सवाल
इस मैच में रहाणे ने खुद 10 गेंदों पर महज 8 रन बनाए, जिसके बाद उनके स्ट्राइक रेट पर सवाल उठना लाजमी था। हालांकि, आमतौर पर शांत रहने वाले रहाणे ने इस बार जवाब थोड़ा अलग तरीके से दिया। मुंबई के खिलाफ रहाणे ने 40 गेंद पर 67 रन की पारी खेली थी। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 167.50 का रहा था।
रहाणे ने दिया मुंह तोड़ जवाब
केकेआर के कप्तान रहाणे ने कहा, '2023 के बाद से पावरप्ले में मेरा स्ट्राइक रेट बेहतरीन रहा है। (552 रन, 167.78 की स्ट्राइक रेट, 69 का औसत) जो लोग मेरे खेल या स्ट्राइक रेट पर बात कर रहे हैं, शायद वे मैच नहीं देख रहे या फिर मेरे खिलाफ उनका कोई एजेंडा है। उन्हें मेरा खेलना पसंद नहीं है और शायद वे मेरी सफलता से जलते हैं।"
मुझे पता है कि मैं क्या कर रहा हूं
रहाणे ने आगे कहा, आलोचकों को खेल की समझ नहीं है। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अजिंक्य रहाणे अपने खेल में इतना सुधार कर लेगा। मुझे खुशी है कि वे मेरे बारे में बात कर रहे हैं, चाहे वह पॉजिटिव हो या नेगेटिव। कभी-कभी आप संघर्ष करते हैं, उसे स्वीकार करना जरूरी है, लेकिन मुझे पता है कि मैं क्या कर रहा हूं।'
नई रणनीति पर विचार
रहाणे ने आगे के मैच में रणनीति में बदलाव करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि कोच और टीम थिंक टैंक्स से नई रणनीति पर बात की जा रही है। याद हो कि जब कोलकाता को ओपनिंग साझेदारी में कोई समस्या होती है तो सुनील नरेन का नाम सबसे पहले एक विकल्प के तौर पर देखा जाता है। उन्होंने केकेआर के लिए सलामी बल्लेबाज के तौर पर कई बार अच्छा प्रदर्शन किया है।
