क्रिकेट

एबी डिविलियर्स को उम्मीद, भारतीय खिलाड़ियों को BCCI देगा इस टी20 लीग में खेलने की छूट

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व धाकड़ खिलाड़ी एबी डिविलियर्स ने उम्मीद जताई है कि बीसीसीआई भारतीय खिलाड़ियों को एसए20 लीग में खेलने की भविष्य में अनुमति दे सकता है।

Image

एबी डिविलियर्स (साभार IPL/BCCI)

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के महान खिलाड़ी एबी डिविलियर्स को उम्मीद है कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) निकट भविष्य में भारतीय खिलाड़ियों को एसए20 में भाग लेने की अनुमति देगा क्योंकि इससे इस फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग की लोकप्रियता बढ़ेगी। दिनेश कार्तिक एसए20 में भाग लेने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बनने वाले हैं लेकिन यह तभी संभव हो पाया जब उन्होंने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की।

सक्रिय भारतीय खिलाड़ियों को नहीं है विदेशी लीग में खेलने की अनुमति

बीसीसीआई अपने सक्रिय खिलाड़ियों को विदेशी लीग में भाग लेने की अनुमति नहीं देता है और अभी तक भारत से बाहर की प्रतियोगिताओं में खेलने का एकमात्र तरीका स्वदेश में अपने करियर को विराम देना है। डिविलियर्स ने नौ जनवरी से शुरू होने वाले एसए20 के तीसरे सत्र से पूर्व चुनिंदा मीडिया से बात करते हुए कहा,'मैं और अधिक भारतीय खिलाड़ियों को इसमें शामिल होते देखना पसंद करूंगा। हम जानते हैं कि दिनेश कार्तिक इस साल यहां होंगे जो शानदार है और यह टूर्नामेंट के लिए बहुत अच्छा है। और उम्मीद है कि बीसीसीआई भविष्य में और अधिक भारतीय खिलाड़ियों को एसए20 में शामिल होने की अनुमति देगा।'

आईपीएल विदेशी खिलाड़ियों को आकर्षित करने में रहा है सफल

डिविलियर्स अच्छी तरह से जानते हैं कि बीसीसीआई निकट भविष्य में सक्रिय भारतीय खिलाड़ियों को विदेशी लीग के लिए उपलब्ध नहीं कराने जा रहा है। उनका मानना है कि किसी लीग को प्रतिद्वंद्वियों से आगे रखने का एकमात्र तरीका सर्वश्रेष्ठ विदेशी प्रतिभाओं को आकर्षित करना है जैसा कि आईपीएल ने पिछले कुछ वर्षों में किया है।

इम्पैक्ट प्लेयर रूल के प्रशंसक नहीं हैं डिविलियर्स

आईपीएल में विवादास्पद इम्पैक्ट प्लेयर नियम को 2027 तक बढ़ा दिया गया है लेकिन डिविलियर्स इसके प्रशंसक नहीं हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह नियम एसए20 में लागू किया जाना चाहिए तो उन्होंने कहा,'ईमानदारी से कहूं तो मैं कभी भी इसका बड़ा प्रशंसक नहीं रहा हूं और मैंने पिछले सत्र में आईपीएल में इसके बारे में बात की थी। मुझे लगता है कि यह थोड़ा भ्रमित करने वाला है, यह ऑलराउंडर और टीम में उनकी भूमिका पर थोड़ा दबाव भी डालता है।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article