देश

'मैं कांग्रेस को चुनौती देता हूं...दे दे इन पांच सवालों के जवाब'; विपक्ष की रैली से पहले गरमाई सियासत, रिजिजू ने दागे सवाल

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को कांग्रेस को उसकी चुनावी हार का स्पष्टीकरण देने की चुनौती दी और चुनाव आयोग की आलोचना और मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) के विरोध पर सवाल उठाते हुए पार्टी पर संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

Image

किरेन रिजिजू। फोटो- एएनआई।

विपक्षी गठबंधन की कल यानी एक नवंबर को होने वाली रैली से पहले सियासत तेज हो गई है। सीजेआई ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया में हुआ अनियमितताओं को लेकर होने जा रही इस रैली से पहले भारतीय जनता पार्टी विपक्ष पर हमलावर है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस रैली से पहले चुनौती देते हुए विपक्ष से पांच सवाल पूछे हैं। उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर सवाल उठाते हुए चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है।

किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर विपक्षी दलों खास तौर पर कांग्रेस से पांच सवाल पूछे। उन्होंने सवाल करते हुए कांग्रेस पर करारा हमला भी बोला। उन्होंने लिखा कि एक परिवार की पार्टी, बाहरी ताकतों के साथ मिलकर, संविधान और भारतीय लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश कर रही है।

  • 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को केवल 44 सांसद कैसे मिले, जबकि चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति उनकी ही सरकार ने की थी?
  • जब 2024 में ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) नहीं थे, तब कांग्रेस को लगातार तीसरी बार (हैट्रिक) हार का सामना कैसे करना पड़ा?
  • क्या कांग्रेस के मौजूदा मुख्यमंत्री इस्तीफा देंगे और 2014 से 2026 के बीच सरकारें बनाने के लिए माफ़ी भी मांगेंगे?
  • क्या मतदाता सूची में शामिल उन लोगों के नाम हटा दिए जाने चाहिए जो अवैध प्रवासी हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है, जो कहीं और चले गए हैं या जिनके नाम दो बार दर्ज हैं?
  • क्या 1952-56, 1958-61, 1965-66, 1983-84, 1987-88, 1993, 1995 और 2002-2004 में किए गए SIR (मतदाता सूची पुनरीक्षण) अवैध थे?

कांग्रेस कल दिल्ली में करने जा रही रैली

किरेन रिजिजू के ये सवाल तब आए हैं, जब कांग्रेस कल यानी एक नवंबर को राजधानी दिल्ली में केंद्र सरकार के खिलाफ एक बड़ी रैली करने जा रही है। किरेन रिजिजू के इस पोस्ट से एक दिन पहले ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक मैप शेयर कर आम जनता से इस रैली में शामिल होने की अपील की थी। उन्होंने पोस्ट में मैप के साथ ही कैप्शन लिखा था, 'कल मिलते हैं, साथ चलते हैं! कनॉट प्लेस मिंटो रोड जंक्शन, अजमेरी गेट, रामलीला मैदान. 1 नवंबर, दोपहर 12 बजे'

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article