स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। Today Cricket Match: घरेलू क्रिकेट और आईपीएल के बाद अब फिर से खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने-अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। कई देशों के बीच इस समय टेस्ट वनडे और टी20 सीरीज खेलेगी जा रही है। 13 जून को भी कई मैच खेले जाएंगे, लेकिन एक मैच ऐसा होगा जिस पर सभी की निगाहें होंगी। क्योंकि, 2027 वनडे वर्ल्ड की तैयारी के लिए यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए बेहद अहम है।
आज किसका मैचः आज भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे मैच खेला जाएगा। इस मैच के साथ ही वनडे सीरीज का आगाज होगा। साथ ही भारतीय टीम 2027 वनडे वर्ल्ड की तैयारी की रूप रेखा भी तैयार करेगी। यह मुकाबला हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में खेला जाएगा। खूबसूरत वादियों के बीच बने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत के सामने अफगान चुनौती होगी। मैच भारतीय समयानुसार, दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा।
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 दो अहम मुकाबले
भारत और अफगानिस्तान के मुकाबले के अलावा महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दो महत्वपूर्ण मुकाबले खेले जाएंगे। भारतीय समयानुसार, दोपहर के तीन बजे स्कॉटलैंड महिला टीम का सामना आयरलैंड महिला टीम से होगा। वहीं, शाम के 7 बजे दक्षिण अफ्रीका महिला टीम ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम से भिड़ेगी। सभी टीमें टूर्नामेंट में अपना-अपना पहला मैच खेलेंगी।
अफगानिस्तान को स्पिनर्स पर भरोसा
भारत और अफगानिस्तान वनडे मैच की बात करें तो अफगान कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी को भरोसा है कि राशिद खान की अगुआई में उनकी स्पिन तिकड़ी तीन मैचों की वनडे सीरीज में उनकी टीम को भारत पर जीत दिलाएगी। भारत की ही तरह अफगानिस्तान टीम भी इस सीरीज के जरिये 2027 वनडे विश्व कप की तैयारी शुरू करेगी। पहले मैच से पूर्व मीडिया से बातचीत में शाहिदी ने कहा कि उनकी टीम को भारत के खिलाफ पहली द्विपक्षीय सीरीज में राशिद, ए एम गजनफर और मोहम्मद नबी की स्पिन पर भरोसा है।
