स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। नागपुर में 17 साल की एक महिला क्रिकेटर ने कथित तौर पर अपने घर पर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच से पता चला है कि विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) टीम में सिलेक्शन न होने की वजह से वह तनाव में थी। पुलिस को एक कथित सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा था, 'मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ।'
मृतक की पहचान अकोला की रहने वाली अदिति मोरेश्वर चौखंडे के तौर पर हुई है, जो पिछले दो साल से अपनी मां के साथ नागपुर में रह रही थी। वह प्रोफेशनल क्रिकेट करियर बनने के सपने के साथ सर्वे क्रिकेट एकेडमी में कड़ी क्रिकेट ट्रेनिंग ले रही थी। उसका भाई भी क्रिकेटर है।
फंदे से लटकी मिली क्रिकेटर
पुलिस के मुताबिक, यह घटना बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे लक्ष्मी नगर इलाके में जैन मंदिर के पास एक अपार्टमेंट में हुई। परिवार वालों ने अदिति को घर के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया और अधिकारियों को सूचना दी।
शुरुआती जांच के दौरान, पुलिस को एक कथित सुसाइड नोट मिला जिससे पता चलता है कि वह हाल ही में हुई VCA सिलेक्शन प्रक्रिया में न चुने जाने से परेशान थी। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि आत्महत्या के असली कारण की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगी।
VCA के लिए नहीं हुआ सिलेक्शन
नागपुर के बजाज नगर पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर चेतन चौहान ने ANI को बताया, 'यह घटना कल सुबह करीब 5:30 बजे बजाज नगर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में हुई। लक्ष्मी नगर जैन मंदिर के पास रहने वाली 17 साल की अदिति मोरेश्वर चौखंडे अपनी मां और भाई के साथ रहती थी। उसका भाई दो-तीन दिन के लिए बाहर गया हुआ था। दोनों भाई-बहन क्रिकेटर थे और उसके भाई का हाल ही में VCA के लिए सिलेक्शन हुआ था।'
'मैं जिंदगी भर तुम्हारे साथ रहूंगी'
उन्होंने आगे बताया, अदिति पिछले दो साल से क्रिकेट खेल रही थी और टीम में चुने जाने की कोशिश कर रही थी। जब उसकी माँ सुबह करीब 5:30 बजे उठीं, तो उन्होंने अदिति को किचन में फंदे से लटका हुआ पाया। उन्होंने तुरंत मदद के लिए आवाज लगाई और उसे अस्पताल ले गईं, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जब हम मौके पर पहुँचे, तो हमें एक सुसाइड नोट मिला। अपने भाई के नाम लिखे नोट में उसने कहा, 'मेरा सिलेक्शन नहीं हो पाया, लेकिन तुम्हारा सिलेक्शन हो गया है। अच्छा खेलना, और मैं जिंदगी भर तुम्हारे साथ रहूंगी।'
बजाज नगर पुलिस मौके पर पहुँची, पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एक एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की गई है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जाँच कर रही है।
