स्पोर्ट्स

राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप: भारत का दिखा दबदबा, पुरुष और महिला टीम ने हासिल की खिताबी जीत

भारत ने 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों टीम वर्गों के खिताब अपने नाम कर लिए।

Image

22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में खिताब जीतने के बाद भारतीय पुरुष टीम

नई दिल्ली: भारत ने 22वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों टीम वर्गों के खिताब अपने नाम कर लिए। मानुष शाह के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय पुरुष टीम ने बृहस्पतिवार को खेले गए फाइनल में मलेशिया को 3-2 से हराकर खिताब जीता। इससे पहले महिला टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मलेशिया को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराकर त्यागराज स्टेडियम में खिताब अपने नाम किया।

चुनौतीपूर्ण रहा पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला

पुरुष टीम का फाइनल काफी चुनौतीपूर्ण रहा क्योंकि लीग चरण में भारत को मलेशिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने अपनी टीम में हरमीत देसाई को शामिल नहीं किया, जबकि मलेशिया ने तीसरे मुकाबले के लिए अपने दूसरे खिलाड़ी को उतारा। चौथे मैच में मानव ठक्कर ने बाएं हाथ के खिलाड़ी की शेन वोंग के खिलाफ 2-0 की बढ़त बना ली। लेकिन विश्व रैंकिंग में 204वें स्थान पर मौजूद मलेशियाई खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए विश्व नंबर 41 मानव को 2-3 से हरा दिया और मुकाबला 2-2 से बराबर कर दिया।

इसके बाद खिताब का फैसला पांचवें और अंतिम मैच में दुनिया के 40वें नंबर के खिलाड़ी मानुष शाह के प्रदर्शन पर निर्भर था जिन्होंने निर्णायक मुकाबले में जैवेन चोंग के खिलाफ शुरुआत से अंत तक दबदबा बनाए रखा और सीधे गेमों में आसान जीत दर्ज कर भारत के लिए स्वर्ण पदक पक्का कर दिया। इससे पहले तीसरे मैच में साथियान को होंग यू तेई के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

Indian Women Table Tennis Team

भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम

महिला टीम ने दी मलेशिया को 3-0 से मात

महिला फाइनल में भारत ने मलेशिया को 3-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। स्वास्तिका ने भारत को शुरुआती बढ़त दिलाने में सफलता हासिल की। एशियाई खेलों की टीम में चयन के बाद विश्व रैंकिंग में 67वें स्थान पर खिसकीं श्रीजा अकुला ने मुकाबले में 2-1 की बढ़त बनाई। लेकिन मलेशिया की करेन ने वापसी करते हुए स्कोर 2-2 कर दिया। पर श्रीजा ने निर्णायक गेम जल्दी जीत लिया। इसके बाद विश्व रैंकिंग में 64वें स्थान पर मौजूद यशस्विनी ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी की और एलिस ली सियान चांग को 3-1 से हराकर भारत को खिताब दिला दिया। भारत की दोनों टीम को उनके प्रदर्शन के लिए 10,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article